सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा में देंगे सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि

नोएडा। पूर्व राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन के बाद उनके सेक्टर-51 स्थित आवास पर नेताओं और गणमान्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा आएंगे। वह कलराज मिश्रा के आवास पहुंचकर सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और कलराज मिश्रा समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे।

12 सितंबर को हुआ था निधन

सत्यवती मिश्रा का बीती 12 सितंबर की देर रात नोएडा के सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी थी। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सेक्टर-51 स्थित आवास पर रखा गया था, जिसके बाद सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास में विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया।

कई वरिष्ठ नेता पहले ही पहुंच चुके हैं आवास पर

सत्यवती मिश्रा के निधन के बाद से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और अन्य गणमान्य लोगों का कलराज मिश्रा से मुलाकात कर परिवार को सांत्वना देने का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के कई बड़े नेता सेक्टर-51 स्थित आवास पहुंचे थे। इनमें धर्मपाल सिंह, सुरेश खन्ना, धर्मवीर प्रजापति, स्वतंत्र देव सिंह और सांसद महेश शर्मा जैसे नेता शामिल रहे। सभी नेताओं ने सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कलराज मिश्रा से मिलकर संवेदना जताई। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कलराज मिश्रा के आवास पहुंचकर सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि दे चुके हैं।

यह भी पढ़ें: अजनारा होम्स सोसाइटी में टावर से गिरा प्लास्टर, गाड़ी क्षतिग्रस्त, महिलाएं-बच्चे बाल-बाल बचे

यहां से शेयर करें