गाजियाबाद में ‘जाणता राजा’ के मंच से बोले-अनुराग ठाकुर, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले ‘न्यू मुगल’

गाजियाबाद, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सेवा कार्यों को समर्पित महानाट्य ‘जाणता राजा’ के छठे दिन गाजियाबाद के सनसिटी परिसर में बीजेपी के युवा नेताओं ने दर्शकों में जोश भर दिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल के हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी और उत्तर प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष सुरेश राणा कार्यक्रम में शामिल हुए।

“जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले ‘न्यू मुगल'”

मंच से संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रदर्शन करने वाले ‘न्यू मुगल’ हैं, जिन्हें देश की विरासत और संस्कृति का ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भी हमें सजग रहने की जरूरत है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि दुनियाभर की विध्वंसकारी ताकतें देश में ‘रिजीम चेंज’ का सपना देख रही हैं। उन्होंने कहा, “ये कोई और नहीं, न्यू मुगल हैं, न्यू तुर्क हैं, न्यू ब्रिटिशर हैं, जो विदेशियों के हाथों भारत को बेचना चाहते हैं, लेकिन हमारी युवा शक्ति कभी ऐसा नहीं होने देगी।” उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करने वालों को इसका आभास नहीं है कि छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों ने हमें सम्मानपूर्ण जीवन दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।

शिवाजी महाराज का संघर्ष हिंदवी स्वराज की स्थापना का संघर्ष

‘जाणता राजा’ के लेखक पद्मविभूषण स्वर्गीय बाबासाहेब पुरंदरे को नमन करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे ऐसी अमूल्य धरोहर देकर अजर-अमर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन चरित्र राष्ट्र और सनातन के लिए लड़ने और मरने की ताकत देता है। उनका संघर्ष केवल एक बादशाह से लड़ाई नहीं था, बल्कि हिंदवी स्वराज की स्थापना और सम्मान से जीना सिखाने का संघर्ष था। ठाकुर ने दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. गौतम 30 साल से जिस सेवा, साधना और संकल्प के साथ समाज के वंचितों की सेवा कर रहे हैं, वह सामान्य बात नहीं है।

मनोज तिवारी तीसरी बार देख रहे महानाट्य

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वे ‘जाणता राजा’ तीसरी बार देख रहे हैं। एक बार उन्होंने पूरे सातों दिन इसका मंचन देखा है। उन्होंने कहा कि जब भी वे इसे देखते हैं, उनका रोम-रोम अपार ऊर्जा से भर जाता है। एक कविता के माध्यम से उन्होंने कहा कि हम सबको वीर प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसा शौर्य दिखाना होगा।

सुरेश राणा की कविता पर गूंजे “जय भवानी” के नारे

यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने मंच से कवि प्रदीप की रचना “इस मिट्टी से तिलक करो, ये धरती है बलिदान की” सुनाकर युवाओं में जोश भरा। कविता सुनकर सनसिटी में मौजूद हजारों छात्र-छात्राएं “वंदे मातरम”, “जय जय जय शिवाजी” और “जय भवानी” के गगनभेदी नारों से गूंज उठे। इसके बाद डॉ. आशीष गौतम ने दर्शकों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर छत्रपति शिवाजी महाराज और माता जीजाबाई के प्रति सम्मान प्रकट कराया, जिससे पूरा परिसर जगमगा उठा।

28 अक्टूबर को अंतिम मंचन, प्रवेश निःशुल्क

28 अक्टूबर को ‘जाणता राजा’ के महामंचन का अंतिम दिन है। आयोजन समिति के संयोजक विनय चौधरी ने घोषणा की कि अंतिम दिन सभी दर्शक बिना टिकट महानाट्य देख सकेंगे। मंचन के बाद सभी के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।

ये गणमान्य रहे मौजूद

छठे दिन साध्वी शिवानी, पूर्व सांसद कुंवर भारतेंदु सिंह, बीजेपी के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, कुशीनगर से विधायक पी एन पाठक, बुलंदशहर जिलाध्यक्ष विकास चौहान, अभिनेता राजा बुंदेला, श्रीकृष्णा यूनिवर्सिटी (छतरपुर, मध्य प्रदेश) के चेयरमैन डॉ. पुष्पेंद्र सिंह गौतम, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी और वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा, विश्वास शर्मा, अभिषेक सिंह आशू, प्रशांत खरे, अंकित गिरि, वरुण पुंडीर, विजयराज सिंह सहित समाज के कई प्रबुद्ध नागरिक भी उपस्थित रहे। मंच का संचालन कुलदीप आजाद ने किया।

यह भी पढ़ें: इजरायल चुनाव में डेडलॉक, नेतन्याहू और आइजेंकोट दोनों का दावा

यहां से शेयर करें