काठमांडू/सोलुखुम्बू। नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सोलुखुम्बू जिले के फेरिचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड के एक नागरिक, जो भारतीय मूल के हैं, घायल हुए हैं। घटना काठमांडू से करीब 250 किलोमीटर दूर हुई।
कौन थे मृतक और घायल
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 47 वर्षीय वसंत कुमार बालारामाडू (Vasant Kumar Balara Madu) के रूप में हुई है। वे फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। घायल यात्री 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल हैं, जो न्यूजीलैंड के नागरिक हैं और भारतीय मूल के हैं। उन्हें दूसरे हेलीकॉप्टर से इलाज के लिए लुकला ले जाया गया। मृतक का शव भी हेलीकॉप्टर से लुकला पहुंचाया गया।
कैसे हुआ हादसा
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) के अनुसार फिशटेल एयर और डायनेस्टी एयर (एयर डायनेस्टी) के हेलीकॉप्टर खुम्बू पासंग ल्हामू गांवपालिका स्थित फेरिचे हेलीपैड पर उतरने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। रिपोर्ट्स के अनुसार टक्कर सुबह करीब 8:11 से 8:15 बजे के बीच हुई। राहत की बात यह रही कि टक्कर के बाद आग नहीं लगी।
पायलट भी घायल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों हेलीकॉप्टरों के नेपाली पायलट भी घायल हुए हैं। इनमें फिशटेल एयर के रबींद्र प्रजापति और डायनेस्टी एयर के प्रज्वल केसी के नाम सामने आए हैं। दोनों को इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
CCTV वीडियो वायरल
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दोनों हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए बेहद करीब आते दिखते हैं और फिर रोटर ब्लेड आपस में टकरा जाते हैं।
जांच जारी
सोलुखुम्बू पुलिस और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अधिकारी घटना की जानकारी जुटा रहे हैं। हादसे के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती सूचना में पुलिस ने मृतक की राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं होने की बात कही थी, बाद की रिपोर्ट्स में उन्हें भारतीय नागरिक बताया गया।
पर्वतीय क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की अहम भूमिका
नेपाल में छोटे हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल पर्यटकों और पर्वतारोहियों को लाने-ले जाने, सामान पहुंचाने और आपात बचाव अभियानों में बड़े पैमाने पर होता है। एवरेस्ट क्षेत्र में पर्यटन सीजन के दौरान हेलीपैड पर आवाजाही काफी बढ़ जाती है।

