नोएडा सेक्टर-73 के शौर्य बैंकेट हॉल की फाल्स सिलिंग में भीषण आग, कोई जनहानि नहीं

नोएडा। मंगलवार दोपहर करीब 4:20 बजे थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-73 स्थित शौर्य बैंकेट हॉल (द शौर्य वेडिंग डेस्टिनेशन) की फाल्स सिलिंग में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही गौतमबुद्धनगर फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकल की 10 गाड़ियों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटना सरफाबाद गांव के पास नोएडा एक्सटेंशन मेन रोड पर स्थित इस प्राइवेट बैंकेट हॉल में हुई। आग लगने के समय हॉल में स्टाफ मौजूद था। धुआं और लपटें देखकर सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद गार्ड ने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी। आसपास के इलाके में धुआं लगभग एक किलोमीटर दूर तक दिखने लगा, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट और फायर सर्विस के आधिकारिक अपडेट के अनुसार, सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद हो गए। 10 फायर टेंडर की सहायता से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि आग को पूर्णतः बुझा दिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई और मौके पर शांति व्यवस्था स्थापित है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग हॉल की फाल्स सिलिंग (फॉल सीलिंग) में लगी थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मियों ने फायर सूट और ऑक्सीजन मास्क पहनकर हॉल के अंदर प्रवेश किया। आग बुझने के बाद फाल्स सिलिंग की कूलिंग का काम जारी रखा गया, ताकि दोबारा आग न भड़के। इसके लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

सीएफओ ने आगे कहा कि सूचना के आधार पर कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन पुलिस और फायर टीम के अंदर जाने पर पता चला कि कोई अंदर फंसा नहीं था। एक-दो स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गाजियाबाद और आसपास के स्टेशनों से भी फायर टेंडर बुलाए गए थे। पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी। घटना की विस्तृत जांच चल रही है। बैंकेट हॉल प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है।

यह घटना उन कई घटनाओं की याद दिलाती है, जहां फाल्स सिलिंग या इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। अधिकारियों ने सामान्य लोगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से इलेक्ट्रिकल सिस्टम की नियमित जांच और फायर सेफ्टी मानकों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: चार मूर्ति अंडरपास का मुख्य निर्माण पूरा, दिवाली से पहले शुरू करने का लक्ष्य

यहां से शेयर करें