Rahul Gandhi Prayagraj Visit: प्रयागराज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार दोपहर प्रयागराज पहुंच गए। उनके साथ प्रियंका गांधी वाद्रा की बेटी मिराया वाड्रा भी हैं। एयरपोर्ट से सीधे स्वराज भवन पहुंचे राहुल ने पार्टी नेताओं से मुलाकात की। यही वह स्थान है जहां उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। अब यह संग्रहालय है।
शाम 6 बजे केपी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि 23 जिलों से 2 लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर अभी तक सिर्फ करीब 5 हजार लोग ही पहुंचे हैं। कार्यक्रम के लिए 2 करोड़ रुपये की लागत से पंडाल तैयार किया गया है। इसमें वीआईपी लाउंज, एलईडी स्क्रीन और छात्रों के लिए चाय-पानी व ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।
मुद्दे होंगे प्रमुख राहुल गांधी बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और छात्रों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोल सकते हैं। शहर में कांग्रेस ने पोस्टर लगवाए हैं, जिन पर लिखा है— “जॉब नहीं मिलेगा तो सिंहासन हिलेगा।” उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “राहुल गांधी से पूरी सरकार डर गई है। भाजपा के लोग डरे और घबराए हुए हैं, क्योंकि उन्होंने बच्चों और देशहित में कोई काम नहीं किया।”
कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था केपी ग्राउंड में चौतरफा अव्यवस्था देखने को मिली। पंडाल की जमीन अभी पूरी तरह समतल नहीं हो पाई है। मजदूर समतलीकरण का काम कर रहे थे। मंच पर मास्टर एलईडी वीडियो वॉल लगाई गई है।
मिराया वाड्रा भी साथ प्रियंका गांधी की छोटी बेटी मिराया वाड्रा (जन्म 24 जून 2002) राजनीति से दूर रही हैं। वे देहरादून के वेल्हम गर्ल्स स्कूल से पढ़ी हैं। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राहुल और मिराया दोनों स्वराज भवन में हैं। यह कार्यक्रम श्रृंखला का हिस्सा है। राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ शुरू की थी। इसके बाद 17 जुलाई को देहरादून में छात्रों से मुलाकात की थी। इससे पहले वे फरवरी 2024 में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान भी प्रयागराज आए थे।
यह भी पढ़ें: Atiq Ahmed : अबान के जनाजे में उमड़ी भीड़, तोड़ी बैरिकेडिंग; लखनऊ जेल से लखनऊ पहुंचा उमर

