नोएडा। त्योहारों से पहले नोएडा की सफाई व्यवस्था को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपना लिया है। शहर में 312 स्थानों के निरीक्षण के दौरान 72 जगहों पर सफाई व्यवस्था बदहाल पाई गई। इस पर नाराजगी जताते हुए प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में हालात नहीं सुधरे तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सफाई, बिजली, जलापूर्ति और सीवेज की समीक्षा
प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में सफाई, बिजली, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में दोनों महाप्रबंधक (सिविल) एके अरोड़ा और एसपी सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
सीईओ ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ प्रबंधक अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें। इसके साथ ही वे अधीनस्थ प्रबंधकों, सहायक प्रबंधकों और अवर अभियंताओं को साथ लेकर मौके पर जाएं और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि जमीन पर सुधार दिखना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारियों और सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
छठ घाटों पर होगी लाइटिंग और सुरक्षा
छठ पूजा को देखते हुए शहर में बनने वाले अस्थायी तालाबों और घाटों को समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यहां आकर्षक लाइटिंग, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम भी लगाया जाएगा।

