डिलीवरी कंपनियों के नाम वाले पैकेट में छात्रों तक पहुंचाते थे नशा, सेक्टर-58 थाना पुलिस ने किया खुलासा

नोएडा। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने व्हाट्सएप के जरिए गांजे की तस्करी और ऑनलाइन बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली-एनसीआर के फ्लैट, पीजी, हॉस्टल और कॉलेज के छात्रों को नशे की सप्लाई करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 किलो 200 ग्राम गांजा, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम वाले पैकेट

आरोपी व्हाट्सएप पर ऑर्डर लेते थे और ग्राहकों से लोकेशन मंगाते थे। गांजे को ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों के नाम छपे पैकेट में भरकर पहुंचाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। ग्राहक भुगतान ऑनलाइन करते थे।

बीट पुलिसिंग से मिली सफलता

डीसीपी प्रीति यादव ने बताया कि 4 नवंबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से मेडिसन कट, सेक्टर-57 के पास से सुमित राघव (36) को गिरफ्तार किया गया। उसके बैग की तलाशी में ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के नाम वाले छोटे-छोटे पैकेट मिले, जिन्हें खोलने पर 1 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सुमित ने बताया कि उसे गांजा मनीष कुमार झा उपलब्ध कराता था। मनीष व्हाट्सएप से ऑर्डर लेकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था और ग्राहक उसे ऑनलाइन पैसे भेजते थे।

25 से 30 ग्राम के पैकेट बनाकर होती थी सप्लाई

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजे को 25 से 30 ग्राम के छोटे पैकेट में भरते थे, जिन पर डिलीवरी कंपनियों के नाम लिखे होते थे। सुमित से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सप्लायर मनीष कुमार झा (33) को ईएसआई कॉलोनी, सेक्टर-56 के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

टेक्निकल इंजीनियर है मुख्य आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनीष टेक्निकल इंजीनियर के पद पर काम करता है। दोनों का एक साथी अमित भी तस्करी में शामिल है, जो फिलहाल असम के गुवाहाटी की जेल में बंद है।

बरामदगी

12 किलो 200 ग्राम गांजा

42 प्रिंटेड पैकेट

एक स्प्लेंडर बाइक (नंबर UP16 EK-8771)

रियलमी और रेडमी के दो मोबाइल फोन

मुकदमा दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-56 में पानी संकट: RWA ने विधायक से मांगा स्थायी समाधान

यहां से शेयर करें