जेवर में इमरान हत्याकांड का वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, तमंचा और कारतूस बरामद

ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के जेवर में हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 4 और 5 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि जहांगीरपुर से गांव हसनपुर की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना जेवर की टीम सड़क किनारे चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

घायल आरोपी की पहचान सालू पुत्र फिरोज खान निवासी मोहल्ला पठानटोला, कस्बा पहासू, थाना पहासू, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

7 अक्टूबर की रात हुई थी इमरान की हत्या

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की रात वादी के भाई इमरान (करीब 36 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 8 अक्टूबर को थाना जेवर में मिली शिकायत के आधार पर सालू और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 दर्ज किया गया था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 103(1), 3(5) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही सालू इस हत्याकांड में वांछित चल रहा था।

आरोपी के खिलाफ कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और अलीगढ़ में कई मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी के खिलाफ जेवर थाने में हत्या के मामले के अलावा हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, बुलंदशहर के पहासू थाने में सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।

इसके अतिरिक्त अलीगढ़ के मडराक और अकराबाद थानों में चोरी, बिजली अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बुलंदशहर के कोतवाली शहर थाने में भी वर्ष 2026 में एक अन्य मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अब पुलिस हत्याकांड में उसके अन्य साथियों की भूमिका और गिरफ्तारी को लेकर भी जांच आगे बढ़ाएगी।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव और बाबा बागेश्वर के बीच बढ़ा विवाद, पुराने वीडियो के जरिए धीरेंद्र शास्त्री पर साधा निशाना

यहां से शेयर करें