Police busted inter-state vehicle theft gang: नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर के निर्देशन और डीसीपी नोएडा की निकट पर्यवेक्षण में जिले में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के तहत थाना सेक्टर-126 पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर कुल 10 चोरी के दोपहिया वाहन और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
चेकिंग अभियान के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, नोएडा जोन में लगातार चल रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के क्रम में थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में भी कई पुलिस टीमें तैनात कर जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में जब पुलिस को उनके जवाबों पर संदेह हुआ तो सघन तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से नौ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी सहित कुल 10 वाहन बरामद हुए। इसके अलावा एक अभियुक्त के पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया गया।
पांच वाहनों की दर्ज थी चोरी की रिपोर्ट
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में से पांच वाहन नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी हुए थे, जिनके संबंध में पहले से प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज है। आरोपियों के विरुद्ध नोएडा के विभिन्न थानों में पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिससे स्पष्ट है कि यह गिरोह लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय था।
रेकी कर भीड़भाड़ वाले इलाकों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह पहले किसी इलाके की रेकी करता था और फिर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौका मिलते ही वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद यह गिरोह वाहनों को तुरंत बेचने के बजाय यमुना नदी के खादर क्षेत्र में छिपा देता था, ताकि पुलिस की पकड़ में आने से बचा जा सके।
इंजन और चेसिस नंबर से भी की जाती थी छेड़छाड़
गिरोह के सदस्य पकड़ में न आएं, इसके लिए यह चोरी की मोटरसाइकिलों के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ-साथ इंजन नंबर और चेसिस नंबर तक टैम्पर कर देते थे। कुछ समय तक वाहनों को खादर क्षेत्र में छिपाकर रखने के बाद, जब उचित अवसर और ग्राहक मिलता था, तब यह गिरोह इन वाहनों को उचित दाम में बेच दिया करता था।
एडीसीपी बोलीं- अदालत में किया जाएगा पेश
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन और डीसीपी के पर्यवेक्षण में नोएडा जोन में वाहन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं और सभी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन खरीदते समय दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य करें और वाहन पार्किंग के दौरान सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें, ताकि इस तरह की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

