पत्नी की हत्या कर फरार पति 48 घंटे में गिरफ्तार

New Delhi news  उत्तर-पूर्वी जिले की सीलमपुर थाना पुलिस ने 48 घंटे के भीतर महिला हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए फरार आरोपी पति को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंची और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की शाम गौतमपुरी की गली नंबर-9 स्थित एक मकान में 45 वर्षीय महिला खून से लथपथ मिली थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर क्राइम टीम और एफएसएल ने साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा गया।
जांच के दौरान मृतका का पति सलीम घटना के बाद से फरार मिला, जिस पर पुलिस का संदेह गहरा गया। इंस्पेक्टर नरपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की और उसे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। 16 जुलाई को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने कैंची से कई वार कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद घर बंद कर फरार हो गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें