ग्रेटर नोएडा। यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-22डी स्थित एक आवासीय सोसायटी में रखरखाव व्यवस्था की लापरवाही से निवासी परेशान हैं। सोसायटी के जी ब्लॉक में पिछले कई दिनों से चार मंजिल से पानी का पाइप लगातार लीक हो रहा है। सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे तक भी पानी बहता रहा, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका।
दीवारों में सीपेज, बिल्डिंग को नुकसान का खतरा
लगातार हो रहे इस रिसाव के चलते आसपास के फ्लैटों की दीवारों में नमी और सीपेज की समस्या पैदा हो गई है। दीवारों का प्लास्टर भी प्रभावित होने लगा है, जिससे निवासियों में बिल्डिंग की संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या की शिकायत कई बार सोसायटी प्रशासन और रखरखाव कर्मचारियों से की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस बीच लगातार बह रहे पानी से रोज़ाना बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी भी हो रही है।
वेलफेयर एसोसिएशन ने उठाई मरम्मत की मांग
सोसायटी की वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने बताया कि सोसायटी की विभिन्न समस्याओं को लेकर यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बार बैठकें हो चुकी हैं, बावजूद इसके अधिकतर समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने प्राधिकरण से मौके पर जाकर जांच करने और पाइप की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। साथ ही, रखरखाव से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर हल करने की अपील की है। निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो न सिर्फ पानी की बर्बादी बढ़ेगी बल्कि बिल्डिंग को स्थायी नुकसान होने का भी खतरा बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: नोएडा में जल्द शुरू होंगे दो स्ट्रीट मार्केट, खान-पान के साथ मिलेगी पार्किंग की सुविधा

