इंदिरापुरम की गौड़ ग्रीन एवेन्यू में 9वीं से 12वीं मंजिल तक धधकी भीषण आग, सीएम योगी ने भी लिया संज्ञान

Ghaziabad news  इंदिरापुरम के अभय खंड-2 स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे टावर डी ब्लॉक की नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग नौवीं मंजिल से बढ़ते हुए बारहवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस भीषण अग्निकांड में कुल आठ फ्लैट प्रभावित हुए, जबकि लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 450 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग लगते ही पूरी सोसायटी में हड़कंप मच गया। ऊपरी मंजिलों से उठता धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। फ्लैटों में मौजूद लोगों ने जान बचाने के लिए तुरंत बाहर निकलना शुरू किया। आरडब्ल्यूए सदस्यों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए घर-घर जाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। एहतियातन टावर की बिजली और गैस लाइन तुरंत बंद कर दी गई, जिससे आग और फैलने से रोकी जा सके। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
शुरूआती दौर में दमकल कर्मियों को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा क्योंकि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भवन के बिल्कुल पास तक नहीं पहुंच सकीं। संकरी जगह और पार्किंग व्यवस्था के कारण दमकल वाहनों को संचालन में दिक्कत हुई, जिसके चलते आग तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। आग ऊपरी मंजिलों पर होने के कारण पानी सीधे प्रभावित फ्लैटों तक नहीं पहुंच पा रहा था। इसके बाद हाइड्रॉलिक प्लेटफॉर्म और लिफ्ट की सहायता से दमकलकर्मी ऊंचाई तक पहुंचे और आग बुझाने का अभियान तेज किया गया। करीब 17 दमकल गाडि?ों की मदद से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। सुबह करीब 10:45 बजे आग बुझा दी गई और इसके बाद कूलिंग का कार्य शुरू किया गया। आग के दौरान धुएं के कारण दो बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
राहत एवं सहायता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। जिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को क्षति का विस्तृत आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों को शासन की नीतियों के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और राहत एवं सहायता में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
आपात स्थिति में जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट ने बताया कि आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। इस बीच इंदिरापुरम स्थित बहुमंजिली आवासीय भवन में लगी भीषण आग की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ राहत कार्यों में जुटा रहा।

Ghaziabad news

यहां से शेयर करें