तुमकुरु में प्रेम-पागलपन की हद: नंबर ब्लॉक करने पर एक्स-गर्लफ्रेंड को किया किडनैप, बम से मारने के चक्कर में धमाके से खुद जलकर मरा आशिक

नेशनल हाईवे-48 पर मचा हड़कंप, घटनास्थल से दूसरा देसी बम भी बरामद, पुलिस जांच में जुटी

कर्नाटक के तुमकुरु जिले से प्रेम-संबंध के एक खौफनाक अंत की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। शनिवार को सिरा तालुक के जोगिहल्ली के पास नेशनल हाईवे-48 पर एक चलती कैब में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें आरोपी युवक नागेंद्र जिंदा जल गया, जबकि उसकी एक्स-गर्लफ्रेंड और कैब चालक प्रवीण समय रहते बाहर कूदकर बाल-बाल बच गए। दोनों घायलों का तुमकुरु जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

ब्रेकअप और नंबर ब्लॉक होने से भड़का था आरोपी

पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत महिला (नाम रम्या बताया जा रहा है) और उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला निवासी 30 वर्षीय नागेंद्र पिछले करीब छह साल से रिलेशनशिप में थे। कुछ समय से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे, जिसके चलते महिला ने नागेंद्र से ब्रेकअप कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से आगबबूला नागेंद्र शनिवार सुबह सीधे बेंगलुरु के जयनगर इलाके में महिला के किराए के घर जा पहुंचा और दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

जबरन किडनैप कर ले गया कैब में

आरोप है कि नागेंद्र महिला को जबरदस्ती बाहर खड़ी एक उबर कैब में बिठाकर ले गया। टैक्सी चालक के मुताबिक कल्लाम्बेला पहुंचने तक सफर सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद नागेंद्र ने महिला को विस्फोटक दिखाकर साथ में आत्महत्या करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने चाकू निकालकर महिला पर हमला भी किया। बेटी के घर पर न मिलने पर परिजनों ने पहले ही जयनगर थाने में किडनैपिंग की शिकायत दर्ज करा दी थी।

ड्राइवर ने रोकी गाड़ी, महिला ने कूदकर बचाई जान

हालात बेकाबू होते देख कैब चालक प्रवीण ने अचानक गाड़ी रोक दी। मौका मिलते ही महिला कार से बाहर कूद गई। इससे पहले कि चालक खुद को पूरी तरह सुरक्षित कर पाता, गाड़ी के भीतर जोरदार धमाका हुआ और कार देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। नागेंद्र कार के भीतर ही फंसा रह गया और मौके पर ही उसकी जलकर मौत हो गई। धमाके और आग के कारण व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया तथा इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मौके से बरामद हुआ एक और देसी बम

तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में नागेंद्र के पास विस्फोटक सामग्री होने और जानबूझकर धमाका किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक और देसी बम बरामद किया है। कल्लाम्बेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री कहां से और कैसे जुटाई गई थी।

जांच जारी, फोरेंसिक टीम भी मामले से जुड़ी

पुलिस तकनीकी और फोरेंसिक जांच के जरिए घटनाक्रम की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नागेंद्र ने विस्फोटक किस स्रोत से हासिल किया और क्या यह घटना पहले से सुनियोजित थी। पीड़ित महिला और कैब चालक का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: अटल सेतु पर दो साल में 12 लोगों ने कूदकर दी जान, 4 शव अब भी लापता

यहां से शेयर करें