नागालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 की मौत, जांच के लिए SIT गठित

नागालैंड में बीते दो दिनों में जहरीली शराब पीने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मृतकों की संख्या मोकोकचुंग जिले में 8 और तुएनसांग जिले में 11 है। यह घटना ऐसे राज्य में हुई है जहां 1990 से शराबबंदी कानून लागू है।

जांच के लिए विशेष टीम गठित

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वेसुप्रा केज़ो ने शनिवार को बताया कि मौतों की जांच और मिलावटी शराब की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की गई है। इस टीम का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आई. बुंगलांग चांग कर रहे हैं। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने शराब के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे हैं। केज़ो ने बताया कि जांच में कुछ सुराग मिले हैं, लेकिन विस्तार से जानकारी देना अभी जल्दबाजी होगी।

19 गिरफ्तार, हजारों बोतलें जब्त

घटना के बाद पुलिस ने राज्य में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया और करीब 3,000 बोतल शराब जब्त की गई।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पहचान वाली, बिना लेबल वाली या संदिग्ध अवैध शराब का सेवन न करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि शराब पीने के बाद किसी को चक्कर आना, धुंधला दिखना, सांस लेने में तकलीफ या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

यह भी पढ़ें: मर्सिडीज-AMG G 63 ऑफ-रोड प्रो भारत में लॉन्च, कीमत 3.80 करोड़ रुपये

यहां से शेयर करें