नई दिल्ली, दिल्ली के एमजी रोड पर शुक्रवार शाम एक कार शोरूम में भीषण आग लग गई, जिसमें 6 से 7 नई गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना साकेत मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर दो के पास महरौली थाना क्षेत्र में स्थित किया कार शोरूम में हुई। सूचना के अनुसार करीब पौने चार बजे शोरूम में आग लगी। सीट कवर और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। ऊंची लपटें देखकर एमबी रोड पर ट्रैफिक थम गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने 13 फायर टेंडर मौके पर भेजे। नजदीकी गीतांजलि फायर स्टेशन से गाड़ियां सबसे पहले पहुंचीं। जरूरत पड़ने पर अन्य केंद्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
दमकल कर्मियों ने दूसरी इमारत से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू कार्य भी किया। दक्षिणी जिला पुलिस के उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आग बुझा दी गई है। फिलहाल कूलिंग का काम चल रहा है। दमकल और पुलिस कर्मी अभी भी मौके पर मौजूद हैं। स्थिति नियंत्रण में है। एडीओ सरबजीत और एसटीओ मुकुल के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। शोरूम में रखी 6-7 नई कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। पुलिस और दमकल विभाग घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है।
यह भी पढ़ें: सेंट्रल नोएडा पुलिस ने धनतेरस पर लौटाए गुम मोबाइल, मालिकों के चेहरे खिले

