हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण विस्फोट के बाद आग, 15 घायल, रेलवे सेवाएं प्रभावित

West Bengal

West Bengal : कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले स्थित हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैफ्था सप्लाई पाइपलाइन में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 15 लोग झुलस गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है।

West Bengal :

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग चार बजे हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स की नैफ्था पाइपलाइन में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद आग तेजी से फैलती हुई हल्दिया नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक पहुंच गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने कई घरों और आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से झुलसे 15 लोगों को हल्दिया महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच घायलों को बेहतर उपचार के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दो लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना पर हल्दिया के विधायक प्रदीप बिजली अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने आशंका जताई कि पाइपलाइन में नैफ्था गैस के रिसाव के कारण विस्फोट हुआ होगा, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा है कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

West Bengal : रेल सेवाएं प्रभावित

हादसे का असर रेलवे यातायात पर भी पड़ा है। विस्फोट स्थल के पास से गुजरने वाली हल्दिया–पांशकुड़ा रेल लाइन प्रभावित हुई है। आग की चपेट में आने से ओवरहेड बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए, साथ ही रेल ट्रैक के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है, जिससे रेल यातायात बाधित हुआ है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

West Bengal : क्या होता है नैफ्था?

नैफ्था कच्चे तेल के शोधन (रिफाइनिंग) के दौरान प्राप्त होने वाला अत्यधिक ज्वलनशील और वाष्पशील हाइड्रोकार्बन तरल होता है। यह पेट्रोल से पहले अलग होने वाला एक प्रमुख उत्पाद है और कुल कच्चे तेल का लगभग 15 से 30 प्रतिशत हिस्सा होता है।

इसका उपयोग मुख्य रूप से पेट्रोकेमिकल उद्योग में प्लास्टिक, रबर और अन्य रसायनों के निर्माण में कच्चे माल के रूप में किया जाता है। इसके अलावा इसका उपयोग पेट्रोल की गुणवत्ता सुधारने, पेंट, वार्निश, पॉलिश और ड्राई क्लीनिंग जैसे कार्यों में भी होता है।

West Bengal :

यहां से शेयर करें