मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दिखाई हरी झंडी, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 11 इलेक्ट्रिक व 3 हाइड्रोजन बसें शुरू; गौतमबुद्धनगर में चलेंगी 110 ई-बसें
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से जनपद गौतमबुद्धनगर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन बसों का शुभारंभ किया। सीएम योगी ने जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाते हुए नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी उद्घाटन किया। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह सहित हजारों की संख्या में किसान और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

110 इलेक्ट्रिक व 3 हाइड्रोजन बसों का एक साथ शुभारंभ
इस ऐतिहासिक अवसर पर नोएडा में पहली बार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत हुई। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 11 इलेक्ट्रिक बसों एवं 3 हाइड्रोजन बसों का संचालन प्रारंभ किया गया, जबकि समूचे गौतमबुद्धनगर जिले में कुल 110 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी गईं। पहले चरण में 100 ई-बसें सड़कों पर दौड़ेंगी, जिनमें 10 डबल-डेकर बसें भी शामिल हैं। इन बसों के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और जेवर एयरपोर्ट तक सफर पहले के मुकाबले अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
पाँच प्रमुख रूटों पर दौड़ेंगी बसें
यह ई-बस सेवा नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के आपसी समन्वय से संचालित होगी और इसके लिए 5 रूट तय किए गए हैं। इन बसों का संचालन नोएडा सेक्टर-90 (डिपो) और बॉटनिकल गार्डन से होगा। ये बसें नोएडा से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), ग्रेटर नोएडा के किसान चौक और एक मूर्ति चौक, नोएडा सेक्टर-62 और फेज-2, ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कलेक्ट्रेट, दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, कश्मीरी गेट ISBT और गाजियाबाद के लिए भी चलाई जाएंगी।
सिर्फ ₹10 से ₹50 में एयरपोर्ट तक का सफर
आमजन की जेब पर बोझ न पड़े, इसका पूरा ख्याल रखा गया है। इन बसों में सफर करने पर दूरी के हिसाब से केवल ₹10 से ₹30 तक किराया वसूल होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा मोबाइल ऐप पर दी गई है, इसके अलावा बस में कंडक्टर मैनुअली भी टिकट बनाएंगे। बॉटनिकल गार्डन से सीधे एयरपोर्ट तक यात्रा करने वाले यात्रियों को ₹50 का किराया देना होगा। इससे विद्यार्थी, किसान, श्रमिक और नौकरीपेशा सभी वर्ग के लोग आसानी से दैनिक आवागमन कर सकेंगे।
हाईटेक चार्जिंग और प्रतिदिन 200 किलोमीटर का लक्ष्य
बसों के सुचारू संचालन के लिए सेक्टर-90 बस डिपो में हाईटेक फास्ट चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं, जिनसे बसों को करीब दो घंटे में फुल चार्ज किया जा सकेगा। हर बस के लिए रोजाना कम से कम 200 किलोमीटर का रनिंग टारगेट भी तय किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा — ‘स्वच्छ और विकसित UP की नई पहचान’
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश ने आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि जेवर का नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भविष्य में यात्री सेवाओं के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण कार्गो हब के रूप में भी स्थापित होगा तथा इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन आधारित परिवहन स्वच्छ और विकसित उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनेगा।
विधायक धीरेन्द्र सिंह बोले — ‘यह ऐतिहासिक पहल क्षेत्र के विकास को नई गति देगी’
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस मौके पर कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर हरित, आधुनिक और भविष्य उन्मुख सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक एवं हाइड्रोजन बसों का संचालन लाखों नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और यात्रियों के लिए बड़ी सौगात है। विधायक ने स्वयं इलेक्ट्रिक बस में सवार होकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक यात्रा की और इस नई सुविधा का जायजा लिया।
15 जून को पहली उड़ान — परिवहन और हवाई सफर एक साथ
नोएडावासियों को जून में दोहरी खुशखबरी मिल रही है — 15 जून को जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान भरने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर लोगों को आधुनिक और सस्ती पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत की बात है क्योंकि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए विभिन्न राज्यों ने अपनी बस सेवा का रूट मैप तैयार कर दिया है।
प्रदूषण में कमी और ईंधन की बचत
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने के साथ-साथ ईंधन खर्च में भी बड़ी बचत होगी। हाइड्रोजन बसें इस दिशा में एक और बड़ा कदम हैं, क्योंकि इनसे केवल जलवाष्प उत्सर्जित होता है जो पर्यावरण के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। कार्यक्रम में YEIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र भाटिया, उपजिलाधिकारी जेवर दुर्गेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक यमुना राजेन्द्र भाटी सहित क्षेत्र के हजारों किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

