नोएडा। असम की युवती महक अहमद हत्याकांड में सोमवार को बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी रमन राज ने पूछताछ में दावा किया कि महक उसे रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और उसने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। यह हत्या नोएडा के बरौला गांव स्थित एक PG में 8 अगस्त की रात हुई थी। छह घंटे की पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बताए घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
20 जुलाई को नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी महक
पुलिस के अनुसार, असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली महक अहमद 20 जुलाई को अपनी सहेली संजना के साथ बिना घर बताए नोएडा आई थी। दोनों नौकरी की तलाश में बरौला गांव के एक PG में रह रही थीं। इसी PG के पड़ोसी कमरे में रहने वाले इंजीनियर रमन राज से महक की पहचान हुई थी। आरोप है कि 8 अगस्त की रात रमन ने अपने कमरे में महक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया। इस मामले में PG संचालक सार्थक बंसल ने सेक्टर-49 थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
बिहार में शराब तस्करी का नाटक कर दी थी गिरफ्तारी
हत्या के बाद फरार आरोपी ने 12 अगस्त को बिहार के कटिहार में शराब तस्करी का नाटक करते हुए खुद को पकड़वा लिया था। इसके बाद नोएडा पुलिस बी-वारंट पर उसे गौतमबुद्धनगर लेकर आई और करीब एक सप्ताह पहले उसे जेल भेजा गया था।
सिगरेट पीने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
सोमवार सुबह 9:30 बजे से पुलिस ने आरोपी को छह घंटे की रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान चाकू बरामद कराने के लिए पुलिस उसे नियो अस्पताल के पीछे स्थित नाले तक ले गई, जहां झाड़ियों से चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में रमन ने बताया कि घटना वाली रात दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद महक उसके कमरे में आकर बातचीत करने लगी और सिगरेट जलाने के लिए माचिस मांगी। रमन ने धुएं से परेशानी बताते हुए माचिस देने से इनकार किया और बाहर जाकर सिगरेट पीने को कहा। इसी बात पर नाराज होकर महक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
चाकू छीनकर किए 8 से 10 वार
आरोपी के अनुसार, विरोध करने पर महक ने उसे रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी, जिसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान महक ने रसोई से चाकू उठा लिया। रमन का दावा है कि उसने चाकू छीनकर महक पर 8 से 10 वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी के बयान और बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है। जल्द ही मामले में न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ई-रिक्शा में बैठी युवती से बाइक सवार बदमाशों ने छीना iPhone 18 Pro

