तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, नाले में गिरने से व्यक्ति की मौत, दो पर FIR

नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के अंडरपास के पास तेज रफ्तार कार पलटने और नाले में एक शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई और कई फीट उछलकर नाले के ऊपर पलट गई। इसी दौरान पास से गुजर रहा एक अधेड़ व्यक्ति कार की चपेट में आकर नाले में जा गिरा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद कार सवार अमन उर्फ अरमान और अनिकेत वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाद में दोनों को हिरासत में ले लिया। मोरना चौकी प्रभारी अजीत सिंह की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मृतक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

तड़के 3 बजे निकले थे दोनों युवक

पुलिस जांच के अनुसार, 19 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे बुलंदशहर निवासी अमन और अनिकेत बरौला से कार लेकर निकले थे। दोनों बरौला में किराए के कमरे में रहते हैं और जिस कार से वे जा रहे थे, वह उनके साथ रहने वाले शिवा की बताई जा रही है। दोनों सेक्टर-49 से सेक्टर-12-22 की ओर जा रहे थे। वेव सिटी मॉल के पास अंडरपास से पहले तेज रफ्तार के कारण कार बेकाबू हो गई।

टक्कर इतनी तेज कि एयरबैग खुले

पुलिस के अनुसार, कार लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बेकाबू होने पर वह डिवाइडर से टकराई और कई फीट उछलकर नाले के ऊपर पलट गई। इसी दौरान पास मौजूद एक अधेड़ व्यक्ति उसकी चपेट में आकर नाले में गिर गया। टक्कर की तीव्रता इतनी थी कि कार के एयरबैग खुल गए। अमन और अनिकेत को भी मामूली चोटें आईं, लेकिन दोनों कार छोड़कर मौके से चले गए। सुबह जब स्थानीय लोगों ने नाले के ऊपर पलटी कार देखी तो भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला।

एक सफाईकर्मी, दूसरा जिम ट्रेनर

जांच में सामने आया कि दोनों युवक बुलंदशहर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार अनिकेत प्राधिकरण में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है, जबकि अमन एक जिम में ट्रेनर है। हादसे के बाद दोनों के मौके से भाग जाने पर पुलिस ने तलाश शुरू की और पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के समय दोनों युवक शराब के नशे में थे, हालांकि पुलिस जांच में इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें: रेप केस में फंसाने की धमकी पर की थी हत्या

यहां से शेयर करें