मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बस ट्रेलर से टकराई, चार यात्रियों की मौत, 20 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और 20 से 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 112 और 113 के बीच रात करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुआ, जब लखनऊ से दिल्ली/नोएडा की ओर जा रही ‘गोला बस सर्विस’ की एक बिहार नंबर की प्राइवेट स्लीपर वोल्वो बस तेज रफ्तार में एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन में आगे चल रहे गिट्टी से लदे राजस्थान नंबर के ट्रेलर से पीछे से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दब गया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे। आशंका जताई जा रही है कि देर रात बस चालक को नींद का झोंका आ गया, जिसके कारण उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया, हालांकि पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, सीओ महावन और थाना राया पुलिस के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहतकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। प्रशासन ने घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए घटनास्थल से मथुरा जिला अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया, जिससे एंबुलेंस बिना रुकावट तेजी से पहुंच सकीं। पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं, लेकिन हादसा तड़के होने के कारण अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यात्री सूची, टिकट बुकिंग रिकॉर्ड और साथी यात्रियों की मदद से मृतकों की शिनाख्त और परिजनों से संपर्क का प्रयास कर रही है। बस में सवार करीब 35 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, जिन्हें दूसरे वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि क्षतिग्रस्त ट्रेलर सुरक्षा मानकों के अनुसार चल रहा था या नहीं, तथा उसकी बैकलाइट और रिफ्लेक्टर सही हालत में थे या नहीं। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में यातायात पुलिस की मदद से सामान्य कराया गया। गौरतलब है कि बीते एक दिन में बस-ट्रेलर टक्कर की यह दूसरी बड़ी घटना है इससे पहले जयपुर-अजमेर हाईवे पर भी सड़क किनारे खड़ी एक बस में ट्रेलर के टकराने से तीन यात्रियों की मौत हो गई थी, जो सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

यहां से शेयर करें