एंटी-बर्गलरी सेल की बड़ी कामयाबी, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

New Delhi news  दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले की एंटी-बर्गलरी सेल ने सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में दर्ज सेंधमारी के एक मामले का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो कुख्यात सेंधमारों, चोरी का माल ठिकाने लगाने वाले तीन रिसीवरों और एक आरोपी की मां समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 65 हजार रुपये नकद, 54 चोरी व झपटे गए मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस कार्रवाई से झपटमारी और चोरी के 22 मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को शकरपुर स्थित एक मकान में चोरी की सूचना मिलने पर सुभाष प्लेस थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसीपी आॅपरेशन रंजीत ढाका की निगरानी में एंटी-बर्गलरी सेल की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ध्रुव उर्फ कुनाल (23) और पंकज उर्फ पोली (30) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सुभाष प्लेस थाने के घोषित बैड कैरेक्टर (बीसी) हैं और उनके खिलाफ क्रमश: 29 और 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

*मां ने गिरवी रखे थे चोरी के जेवर*

पूछताछ में खुलासा हुआ कि ध्रुव की मां ने चोरी किए गए सोने के टॉप्स और दो अंगूठियां अपने पहचान पत्रों के आधार पर मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर 57 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर गिरवी रखे गए आभूषण बरामद कर लिए।

*मोबाइल खरीदने वाले तीन रिसीवर भी गिरफ्तार*
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी और झपटमारी के बाद मोबाइल फोन 2 से 3 हजार रुपये प्रति हैंडसेट में रिसीवरों को बेच देते थे। इसके आधार पर पुलिस ने अनवर मलिक, आफताब और रूप कुमार उर्फ अनमोल को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 54 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें 15 मोबाइल अनवर, 14 मोबाइल आफताब और 25 मोबाइल रूप कुमार से मिले।
पुलिस जांच में इन मोबाइलों का संबंध उत्तर-पश्चिम जिले के 22 चोरी और झपटमारी के मामलों से जुड़ा पाया गया। शेष मोबाइलों को अन्य मामलों से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें