घर की नौकरानी निकली चोरी की मास्टरमाइंड ज्वेलर समेत चार गिरफ्तार

New Delhi news  रोहिणी जिले के के.एन. काटजू मार्ग थाना पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए नौकरानी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला एक ज्वेलर भी शामिल है। पुलिस ने ?2.22 लाख नकद, सोने-हीरे के आभूषण, चांदी के सामान और चोरी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले का एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को सेक्टर-16 रोहिणी स्थित एक मकान में चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पत्नी और बेटे के साथ पैसिफिक मॉल गया था, जबकि घर पर 96 वर्षीय मां की देखभाल के लिए नौकरानी निर्मला मौजूद थी। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर चोरी की जानकारी दी। घर लौटने पर अलमारी टूटी मिली और करीब ?2.50 लाख नकद तथा सोने-हीरे के जेवर गायब थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि घटना से पहले नौकरानी ने एक संदिग्ध नंबर पर कई बार बातचीत की थी। पूछताछ में उसने चोरी की साजिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि निर्मला, जो पिछले तीन वर्षों से शिकायतकर्ता के घर में काम कर रही थी, परिवार की आर्थिक स्थिति और दिनचर्या से पूरी तरह परिचित थी। उसने अपने रिश्तेदार अखिलेश उर्फ अक्कू के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। अखिलेश ने अपने साथी विकास वर्मा उर्फ बादल और सन्नी मिश्रा को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से दिल्ली बुलाया। घटना वाले दिन निर्मला ने मुख्य दरवाजा खुला छोड़ दिया और परिवार की गतिविधियों की सूचना अपने साथियों को दे दी। इसके बाद तीनों घर में घुसकर नकदी और जेवर चोरी कर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बाराबंकी पहुंचकर विकास वर्मा और सन्नी मिश्रा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से ?2.22 लाख नकद, सोने-हीरे के आभूषण और चांदी के सामान बरामद किए गए। पूछताछ में पता चला कि विकास ने चोरी की एक सोने की अंगूठी बाराबंकी के ज्वेलर राज कुमार सोनी को बेच दी थी। पुलिस ने अंगूठी बरामद कर ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि विकास के खिलाफ पहले से चोरी के चार मामले दर्ज हैं। वहीं, मुख्य साजिशकर्ता अखिलेश उर्फ अक्कू अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस अन्य चोरी के सामान की बरामदगी और आरोपियों की अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें