पारिवारिक विवाद से तनावग्रस्त युवती टावर पर चढ़ी, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से सकुशल बचाव

थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के जे-ब्लॉक में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब पारिवारिक विवाद से मानसिक रूप से तनावग्रस्त 19 वर्षीय युवती टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से सकुशल नीचे उतार लिया। त्वरित रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, युवती चौक बाजार, महाराजगंज की निवासी है और पिछले तीन वर्षों से नोएडा में रह रही है। थाना सेक्टर-63 को दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि जे-ब्लॉक के एक टावर पर युवती चढ़ गई है। सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस और फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप चौबे ने बताया, “सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने युवती से बातचीत कर उसका विश्वास जीता और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का सहारा लेकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।”

घटना के दौरान एसडीएम, एसीपी समेत आला अधिकारी भी मौजूद रहे। रेस्क्यू के बाद पुलिस टीम ने युवती से संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बात की। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक समस्याओं से वह मानसिक रूप से विचलित थी। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है और फिलहाल युवती की काउंसलिंग कराई जा रही है। आवश्यक विधिक और अन्य सहायता भी प्रदान की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और संवाद ही जान बचाने का सबसे बड़ा हथियार है। नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों को सुलझाने के लिए हेल्पलाइन या काउंसलिंग सेवाओं का सहारा लें। इस घटना ने एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों की मजबूती पर जोर दिया है।

यह भी पढ़ें: Big Breaking: नोएडा स्पोर्ट्स सिटी को मिली संजीवनी: जीरो पीरियड घोषित, 35 हजार खरीदारों का खत्म होगा इंतजार

यहां से शेयर करें