उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई शादी

श्रीनगर/नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की।

इंस्टाग्राम पर साझा की तस्वीर

उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “A new journey began yesterday” यानी “कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।” पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को टैग भी किया। यह जानकारी उन्होंने शादी के एक दिन बाद अपने फॉलोअर्स के साथ साझा की।

तलाक के तीन महीने बाद घोषणा

यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट से उमर अब्दुल्ला को तलाक की मंजूरी मिलने के करीब तीन महीने बाद आई है। 31 जुलाई 2026 को शीर्ष अदालत ने कहा था कि वह उमर अब्दुल्ला और उनकी अलग रह रही पत्नी पायल अब्दुल्ला की शादी को खत्म करेगी। दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने और सभी लंबित विवाद सुलझाने पर राजी हैं। साथ ही एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति बनी थी।

हाईकोर्ट के फैसले को दी थी चुनौती

यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा, जब उमर अब्दुल्ला ने तलाक देने से इनकार करने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती दी। सुनवाई के दौरान दोनों ने संयुक्त रूप से आवेदन देकर संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की मांग की। दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया कि मतभेद सुलझा लिए गए हैं।

1994 में हुई थी पहली शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल की शादी 1994 में हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के होटल द ओबेरॉय में काम करने के दौरान हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जाहिर और जमीर। दोनों 2009 से अलग रह रहे थे और उमर ने 2011 में अलगाव की घोषणा की थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी पहले टिप्पणी की थी कि दोनों कई वर्षों से अलग रह रहे हैं।

यह भी पढ़ें: म्यांमार से तस्करी होकर आ रहा ‘कोटा’, नशा में सूखा बिहार बना उड़ता बिहार

यहां से शेयर करें