Noida Encounter News: नोएडा में राह चलते लोगों को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को सेक्टर-63 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली लगने से दो आरोपी घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, चाकू और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
सेक्टर-62 गोल चक्कर पर चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना
पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-63 की टीम सेक्टर-62 गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बहलोलपुर अंडरपास से ग्रीन बेल्ट सर्विस रोड पर आगे जाकर बदमाशों ने खुद को घिरता देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
दो बदमाश घायल, अस्पताल में कराया गया भर्ती
मुठभेड़ में घायल आरोपियों की पहचान विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (27 वर्ष), निवासी मीठापुर, दिल्ली और राजेश उर्फ ढेडा (38 वर्ष), निवासी बसई, थाना फेस-3, नोएडा के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक-एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली है, जो थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमा संख्या 395/2025 से संबंधित बताई गई है।
कॉम्बिंग अभियान में दो अन्य साथी गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों शंकर शर्मा (20 वर्ष), निवासी सुत्याना, थाना ईकोटेक-3 और कपिल कश्यप (20 वर्ष), निवासी बसई, थाना फेस-3, नोएडा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से एक-एक अवैध चाकू और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। यह मोटरसाइकिल थाना सेक्टर-49 में दर्ज मुकदमा संख्या 526/2025 से संबंधित बताई गई है।
लिफ्ट देने के बहाने करते थे लूटपाट
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी आम लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाते थे। इसके बाद सुनसान रास्तों पर ले जाकर उनके साथ लूटपाट करते और पीड़ितों को वहीं छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- विकास उर्फ कालू उर्फ कल्लू (घायल)
- राजेश उर्फ ढेडा (घायल)
- शंकर शर्मा
- कपिल कश्यप