नोएडा में चोरी: दोपहिया वाहन व मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार, दो बाल अपचारी अभिरक्षा में

तीन मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, तमंचा और तीन चाकू बरामद; मुख्य सरगना सागर उर्फ पंजाबी अब भी फरार

नोएडा में चोरी: नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी, मोबाइल चोरी, घरों में सेंधमारी और स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को बाल अपचारी के रूप में अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन में हुई कार्रवाई

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देशन में नोएडा जोन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में डीसीपी के निकट पर्यवेक्षण में एसीपी फर्स्ट, एसएचओ सेक्टर-20 और उनकी टीम ने कुल आठ लोगों को दबोचा। इनमें से छह को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग होने के कारण उन्हें अभिरक्षा में लिया गया।

वर्षों से सक्रिय था गिरोह

पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह कई वर्षों से एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी, घरों में चोरी, मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। एडीसीपी के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना सागर उर्फ पंजाबी है, जो फिलहाल इस मामले में वांछित है और अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य थाना क्षेत्रों में पहले से प्राथमिकी दर्ज हैं, और बरामद मोबाइल फोन का भी संबंधित शिकायतों से मिलान हो चुका है।

मोबाइल दुकान चलाने वाला भी नेटवर्क में शामिल

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के नेटवर्क में एक व्यक्ति मोबाइल की दुकान भी चलाता था, जो चोरी के मोबाइल फोन को ठिकाने लगाने में मदद करता था। इस कड़ी में विजय कुमार गुप्ता और सूरज कुमार गुप्ता नामक व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार इनमें से एक आरोपी इससे पहले भी चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है, यानी यह उसका आपराधिक इतिहास पुराना है।

अदालत में पेश, आगे की जांच जारी

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सभी छह गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में अभिरक्षा हेतु प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई अभी भी प्रचलित है, और गिरोह के फरार सरगना सागर उर्फ पंजाबी सहित अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से चल रही वाहन चोरी, मोबाइल चोरी और घरों में सेंधमारी की कई घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: नोएडा पुलिस मुठभेड़: चोरी की कार लेकर भाग रहा बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, नाबालिग साथी गिरफ्तार

यहां से शेयर करें