नोएडा पुलिस मुठभेड़: नोएडा, थाना सेक्टर-39 पुलिस को आज एक बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली है, जब मुठभेड़ के दौरान गाड़ी चोरी करने वाला एक शातिर बदमाश घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ और उसके एक नाबालिग साथी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल और अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।
कैसे हुई घटना
पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-39 की टीम मॉल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान लेबर चौक की ओर से आ रही एक सफेद रंग की डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार व्यक्ति ने न रुकते हुए तेजी से गाड़ी को ग्राम सदरपुर की तरफ भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए कार का पीछा किया। स्वयं को घिरता देख बदमाश ने कार को सेक्टर-42 जंगल की ओर मोड़ा और गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगा।
पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस टीम की आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
आरोपी की पहचान
घायल बदमाश की पहचान भानू उर्फ सागर पुत्र बच्चनराम, निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-18, नोएडा (मूल पता ग्राम उपराडी, थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड), उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी का विवरण
आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर के साथ एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस .315 बोर और चोरी की डिजायर कार (टैक्सी रजि. नं. UP92 AT9824) बरामद हुई है। यह वाहन थाना सेक्टर-39 में दर्ज मु.अ.सं. 317/26, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित है।
कांबिंग के दौरान बदमाश के दूसरे साथी, एक बाल अपचारी, को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर अट्टा मार्किट से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में हुए खुलासे
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 06 जुलाई 2026 को जीआईपी मॉल गेट के पास से डिजायर टैक्सी (UP92AT9824) चोरी की थी। इसके अलावा दो दिन पूर्व अट्टा मार्किट से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की गई थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें: नोएडा पुलिस की कार्रवाई: वाहन चोर गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल/स्कूटी बरामद

