नोएडा सिटीजन फोरम: पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने किया के कैंप कार्यालय का उद्घाटन, प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनभागीदारी की उठी मांग

सेक्टर-14 स्थित नए कार्यालय को नागरिक समस्याओं के समाधान और जनसंवाद का केंद्र बनाने का लिया गया संकल्प

नोएडा सिटीजन फोरम: उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र ने सोमवार देर शाम सैक्टर-14 स्थित नोएडा सिटीजन फोरम (एन.सी.एफ.) के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर शहर की प्रमुख सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल ने एन.सी.एफ. की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए कहा कि किसी भी शहर के समग्र विकास में जागरूक और संगठित नागरिक समाज की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यह नया कार्यालय महज एक भवन नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान, जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता और जनहित से जुड़े कार्यों का प्रभावी केंद्र साबित होगा।

प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में भागीदारी की मांग पर पूर्व राज्यपाल का समर्थन

उद्घाटन के बाद हुई विचार-विमर्श बैठक में नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठकों में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग पुरजोर तरीके से रखी गई। कलराज मिश्र ने इस मांग पर एन.सी.एफ. को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया और इसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि केवल समस्याओं तक सीमित न रहते हुए नोएडा के विकास संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा होनी चाहिए।

साइबर सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष बल

बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता और डिजिटल साक्षरता बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं में बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के मद्देनज़र मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और परामर्श सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।

नियमित संवाद और स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने पर जोर

चर्चा के दौरान यह सुझाव आया कि नागरिकों और विशेषज्ञों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, नागरिक सर्वेक्षण के माध्यम से शहरवासियों की प्राथमिकताएं जानी जाएं, और वार्षिक बजट से पहले नागरिकों के सुझाव प्राधिकरण तक पहुंचाए जाएं। इसके अलावा नोएडा में ग्राम पंचायत व्यवस्था बहाल करने तथा आरडब्ल्यूए व एओए को संवैधानिक अधिकार दिए जाने की मांग भी उठाई गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि एन.सी.एफ. का नया कैंप कार्यालय जनभागीदारी, रचनात्मक संवाद, नीति-समर्थन और नागरिक समस्याओं के समाधान का एक सशक्त मंच बनेगा।

कार्यक्रम में रहीं ये प्रमुख हस्तियां

इस अवसर पर आरा की पूर्व सांसद मीना सिंह, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, बिस्कोमान अध्यक्ष विशाल सिंह, पूर्व रक्षा सचिव व एन.सी.एफ. के चेयरमैन डॉ. योगेंद्र नारायण, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा मीडिया क्लब अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एन.पी. सिंह, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना और ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश मिश्रा सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। एन.सी.एफ. की ओर से अध्यक्ष डॉ. महेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह, संरक्षक डॉ. वी.के. गुप्ता व इंद्राणी मुखर्जी, महासचिव प्रशांत त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अखिल शर्मा, हरि दत्त शर्मा, आर.के. सिंह, चक्रधर मिश्रा, सचिव गरिमा त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, सचिव गिरीश कपूर, अनीता अरोरा, संजय त्रिपाठी, वैभव श्रीवास्तव, विधि सचिव कमल कौशिक तथा कार्यकारिणी सदस्य राजश्री गुप्ता सहित फोरम के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नोएडा सिटीजन फोरम आने वाले समय में नागरिकों की आवाज़ को और सशक्त बनाते हुए नोएडा के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यहां से शेयर करें