क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में मुठभेड़, आरोपी अस्पताल में भर्ती, पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी
गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मोहित शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौरव का गुरुवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एनकाउंटर हो गया। पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए आरोपी को शांतिनगर वाटर प्लांट के पास ले जाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर पास की झाड़ियों में जा छिपा और वहां पहले से छिपाकर रखे एक देशी तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
क्या था पूरा मामला
गौरतलब है कि 2 जुलाई की रात क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र की न्यू शांति नगर कॉलोनी में 22 वर्षीय मोहित शर्मा की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। परिजनों के मुताबिक, देर रात करीब 11 बजे मोहित के मोहल्ले के दोस्त गौरव, देव और हरि उसके घर पहुंचे और गौरव का जन्मदिन बताकर उसे पार्टी में चलने के लिए बुला ले गए। पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद कहासुनी शुरू हुई और आरोपियों ने मोहित को घेरकर उसके सीने और पेट पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी आंतें तक बाहर आ गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी। मृतक के भाई मनीष के अनुसार, करीब 20 दिन पहले मोहित का गौरव और देव से विवाद हुआ था, जिसमें मोहित ने गौरव को थप्पड़ मार दिया था और इसके बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और सभी लोग साथ में खाटू श्याम और हरिद्वार की यात्रा पर भी गए थे, परिवार का आरोप है कि आरोपी उसी दौरान हत्या की साजिश रच रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गौरव पंडित समेत कुल छह लोगों के नाम इस वारदात में शामिल होने के तौर पर सामने आए थे।
परिजनों का प्रदर्शन, पुलिस की कार्रवाई
हत्या की खबर फैलते ही गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया था और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी। मौके पर पहुंचे डीसीपी सिटी धवल जायसवाल और एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने पुलिस बल के साथ लोगों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 3 जुलाई को मुख्य आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार बरामदगी के दौरान मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद आरोपी गौरव को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए शांतिनगर वाटर प्लांट के पास ले जाया गया था। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश करते हुए झाड़ियों में छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने तुरंत उसे काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

