किन्नौर में बादल फटने जैसे हालात, अचानक आई बाढ़ से NH-5 ठप

Monsoon in Himachal Pradesh :

चोलिंग के पास मलबे में फंसे कई वाहन, लाहौल-स्पीति में मरीज को बैकहो लोडर से उफनता नाला कराया पार

Monsoon in Himachal Pradesh : शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ते ही जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। जनजातीय जिला किन्नौर में बुधवार रात चोलिंग के पास मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ के साथ आए मलबे और दलदल के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) पूरी तरह बंद हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Monsoon in Himachal Pradesh :

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि सड़क से गुजर रहे कई वाहन मलबे और कीचड़ में फंस गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि मार्ग से मलबा हटाने और फंसे वाहनों को निकालने के लिए भारी मशीनें लगाई गई हैं। प्रशासन राष्ट्रीय राजमार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने में जुटा हुआ है।

लाहौल-स्पीति में मरीज को बैकहो लोडर से कराया नाला पार

उधर, लाहौल-स्पीति जिले में लगातार बारिश के कारण जाहलमा नाला उफान पर आ गया। बाढ़ के चलते पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बीआरओ द्वारा बनाई गई अस्थायी पुलिया भी तेज बहाव में बह गई। इससे उदयपुर उपमंडल और पांगी घाटी का संपर्क प्रभावित हो गया।

इसी दौरान उदयपुर उपमंडल के शेनुर गांव की रहने वाली शांति देवी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कुल्लू रेफर किया गया। जब एंबुलेंस जाहलमा नाले तक पहुंची तो तेज बहाव के कारण आगे बढ़ना संभव नहीं था। ऐसे में बीआरओ और पुलिस के जवानों ने बैकहो लोडर की मदद से मरीज को स्ट्रेचर सहित सुरक्षित नाला पार कराया, जिसके बाद उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत अब स्थिर है।

बीआरओ ने गुरुवार सुबह अस्थायी पुल तैयार कर यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया। बताया गया कि मई में भूस्खलन से जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था और वहां नए पुल का निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने उम्मीद जताई है कि इस महीने के अंत तक नए पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा।

Monsoon in Himachal Pradesh :

यहां से शेयर करें