नोएडा हत्याकांड: प्रेमी की पत्नी ने गला दबाकर की मनीषा की हत्या, आरोपी शीला कुमारी गिरफ्तार

नोएडा। थाना फेज-2 क्षेत्र के याकूबपुर गांव में युवती मनीषा की हत्या के मामले में नोएडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शीला कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शीला अपने पति नितिन और मृतका मनीषा के बीच प्रेम संबंधों से ईर्ष्या के चलते 5 अक्टूबर को मनीषा का गला दबाकर उसकी हत्या करने का आरोप है। वहीं, इस मामले में आरोपी का पति नितिन अब भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, शीला कुमारी की शादी 20 अप्रैल 2025 को नितिन से हुई थी। पूछताछ में शीला ने बताया कि उसके पति का मनीषा के साथ प्रेम संबंध था और पति के कहने पर वह मनीषा के साथ एक ही कमरे में रहने लगी थी। इस दौरान दोनों महिलाओं के बीच तनाव बढ़ता गया और शीला मनीषा से ईर्ष्या करने लगी।

4 अक्टूबर को नितिन अपनी कार से कासगंज स्थित आरटीओ कार्यालय गया था। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान शीला ने मनीषा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और अगले दिन, यानी 5 अक्टूबर को, उसने मनीषा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गई।

शव कैसे मिला?

पुलिस को 5 अक्टूबर को पीआरवी कंट्रोल रूम के जरिए याकूबपुर में एक अज्ञात महिला के शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल याकूबपुर गांव की गली नंबर-12 स्थित कर्मवीर भाटी के मकान की चौथी मंजिल पर बना एक कमरा था, जहां से मनीषा का शव बरामद हुआ।

रिपोर्ट्स के अनुसार, नितिन ने उस दिन फोन कर बताया था कि दोनों महिलाओं के बीच विवाद हो गया है और कमरे में जाकर देखने को कहा। जब संबंधी जितेंद्र मौके पर पहुंचे तो कमरे पर बाहर से ताला लगा था। ताला खोलने के बाद अंदर मनीषा का शव मिला।

पुलिस की गिरफ्तारी

नोएडा पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 14 अक्टूबर को सेक्टर-88 स्थित बीपीएल कट के पास से शीला कुमारी को गिरफ्तार किया। शीला मूल रूप से कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र के नगला सहजन गांव की रहने वाली है और उसकी उम्र करीब 24 साल बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना फेज-2 में मुकदमा संख्या 462/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है, जबकि फरार आरोपी नितिन को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें: नोएडा सेक्टर-62 रामलीला में श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, जीता सीता स्वयंवर; कल निकलेगी भव्य राम बारात

यहां से शेयर करें