ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ऑनलाइन कारोबार के नाम पर 1.03 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क कर पोलैंड की कंपनी से जिनसेंग उत्पाद का बड़ा ऑर्डर दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। इसके बाद भारतीय सप्लायर के नाम पर 31 बार में अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वॉट्सऐप पर आया संदेश, खुद को बताया पोलिश कंपनी का प्रतिनिधि
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हवेलिया वैलेनोवा पार्क सोसाइटी में रहने वाले त्रिभुवन कुमार (44) ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 17 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने उनसे वॉट्सऐप पर संपर्क किया। उसने खुद को पोलैंड की एक कंपनी का प्रतिनिधि बताया और कहा कि उनकी कंपनी को जिनसेंग उत्पाद खरीदना है।
प्रति पैकेट 1500 डॉलर मुनाफे का दिया लालच
आरोपियों ने पीड़ित को बताया कि जिनसेंग उत्पाद का एक पैकेट भारत में 1000 अमेरिकी डॉलर में मिल जाएगा, जिसे पोलैंड की कंपनी को 2500 डॉलर में बेचा जा सकता है। यानी हर पैकेट पर 1500 डॉलर का मुनाफा होने का दावा किया गया। ठगों ने भारतीय सप्लायर के रूप में शर्मा एंटरप्राइजेज का नाम बताया, जिसका पता सिक्किम के गंगटोक ईस्ट में दिया गया। इसके बाद कथित पोलिश कंपनी की ओर से पीड़ित को एक ईमेल भी भेजा गया, जिसमें पहले 130 पैकेट और बाद में 1000 पैकेट खरीदने का ऑर्डर देने की बात कही गई। बड़े ऑर्डर और मोटे मुनाफे के लालच में आकर त्रिभुवन कुमार ने उत्पाद खरीदने के लिए रुपए भेजना शुरू कर दिया।
मुंबई के खातों में 31 बार में भेजे गए रुपए
शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में 31 बार में करीब 1.03 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। ये बैंक खाते मुंबई के बताए गए हैं। रकम देने के बाद भी न तो ऑर्डर मिला और न ही पैसे वापस हुए, तब जाकर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
साइबर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। अब साइबर थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों और बैंक खातों की जानकारी जुटाने में लगी है।
ऐसे ठगी से बचें: साइबर अलर्ट
अनजान नंबर से वॉट्सऐप या ईमेल पर आने वाले “विदेशी कंपनी के बड़े ऑर्डर” और “भारी मुनाफे” के ऑफर पर भरोसा न करें। किसी भी कंपनी या सप्लायर की पूरी जांच-पड़ताल किए बिना पैसे ट्रांसफर न करें। अलग-अलग निजी बैंक खातों में बार-बार रकम मांगना ठगी का बड़ा संकेत हो सकता है। ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

