गाजियाबाद सनसिटी में 22 अक्टूबर से छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

नोएडा/गाजियाबाद,  दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के तत्वावधान में आगामी 22 अक्टूबर से गाजियाबाद के सनसिटी में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित महा नाट्य ‘जानता राजा’ का सजीव मंचन शुरू होने जा रहा है। नोएडा के अदिरा बैंकवेट हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने इसकी विस्तृत जानकारी दी। डॉ. गौतम ने कहा कि देश में इस समय बांग्लादेश, नेपाल, सीरिया और लीबिया जैसे हालात पैदा करने की कोशिशें चल रही हैं। ऐसे विषैले माहौल में छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। जेन-जेड को कुछ नेता भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए उन्हें शिवाजी महाराज, माता जीजाबाई और समर्थ गुरु रामदास के बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करना हर परिवार की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की खास बातें 
– 22 से 28 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से लगभग 4 घंटे तक लाइव शो।
– 250 कलाकार, हाथी, घोड़े, ऊंट, हथियार, तोप और तलवारों के साथ सजीव मंचन।
– सिंहगढ़, प्रतापगढ़ से लेकर रायगढ़ किले तक की घटनाओं की जीवंत प्रस्तुति।
– हर शो की शुरुआत वंदे मातरम् गान से होगी, उसके बाद लघु नाट्य ‘जानता राजा’ का प्रदर्शन।
– दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से करीब सवा लाख दर्शक इस कार्यक्रम के गवाह बनेंगे। प्रतिदिन लगभग 15 हजार लोग लाइव देख सकेंगे। यह नाट्य विश्व भर में अंग्रेजी सहित भारत की क्षेत्रीय भाषाओं में 1200 से अधिक शो कर चुका है और अब तक एक करोड़ से अधिक दर्शकों ने इसे देखा है। इससे पहले लखनऊ और आगरा में भी सफल आयोजन हो चुका है।

उद्घाटन समारोह
22 अक्टूबर को उद्घाटन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 अवधेशानंद गिरि जी महाराज मौजूद रहेंगे। डॉ. गौतम के अनुसार छत्रपति शिवाजी की सैन्य व्यवस्था और गुरिल्ला युद्ध कला आज भी दुनिया भर में सराही जाती है, इसलिए रक्षा मंत्री ने मिशन का निमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पतंजलि योगपीठ के स्वामी रामदेव समेत राजनीति, धर्म-अध्यात्म और उद्योग जगत की कई हस्तियां अलग-अलग दिनों में शामिल होंगी।

तैयारी और जनजागरण
मिशन की टीमें मार्च 2026 से ही तैयारियों में जुटी हुई हैं। दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड में 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। दिल्ली-एनसीआर के सभी सरकारी व प्राइवेट विश्वविद्यालय और कॉलेजों से संपर्क कर युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के विशेष प्रयास किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर ही शिव अवतरण मंडपम में नवरात्रि के पहले दिन से लेकर 28 अक्टूबर तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक भी चल रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की। इसमें जानता राजा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विजय चौधरी, महामंत्री दीपक शर्मा, मिशन के सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह समेत दिल्ली-एनसीआर के पत्रकार मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: बिजनेस के बहाने करोड़ों की ठगी, पोलैंड की कंपनी का ऑर्डर दिलाने का झांसा

यहां से शेयर करें