पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात चेन स्नैचर ‘हड्डी’ गिरफ्तार

New Delhi news  दिल्ली पुलिस की आउटर जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने शनिवार तड़के एक साहसिक कार्रवाई करते हुए कुख्यात चेन स्नैचर चंदन उर्फ हड्डी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चेन और मोबाइल स्नैचिंग के नौ मामलों में पुलिस को तलाश थी। आरोपी के खिलाफ पहले से स्नैचिंग, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मंगलपुरी थाने का घोषित बैड कैरेक्टर (बीसी) भी है।
पुलिस के अनुसार 26-27 जून की मध्यरात्रि करीब 12:20 बजे स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि चंदन उर्फ हड्डी मंगलपुरी रेलवे स्टेशन के पास अपने एक साथी से मिलने आने वाला है और उसके पास अवैध हथियार भी हो सकता है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रोहित के नेतृत्व में एएसआई मुरारी लाल, हेड कांस्टेबल दीपक और हेड कांस्टेबल अनिल की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
कुछ देर बाद एक स्कूटी पर पहुंचे संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। पीछा किए जाने पर आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी की चलाई गई एक गोली हेड कांस्टेबल दीपक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई और उन्हें कोई चोट नहीं आई। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल होने के बाद एएसआई मुरारी लाल और हेड कांस्टेबल अनिल ने आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक सेमी आॅटोमैटिक पिस्टल, चार खाली कारतूस और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद की गई, जिसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में राज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हुई नौ चेन और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इनमें उत्तर रोहिणी, विकासपुरी, उत्तम नगर, पश्चिम विहार पूर्व, पश्चिम विहार पश्चिम और मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल हैं। इनमें दिल्ली पुलिस के एक एएसआई की सोने की चेन लूटने का मामला भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय चंदन उर्फ हड्डी का कोई स्थायी ठिकाना नहीं था। वह अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत ठिकाना बदल लेता था, ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके। इसी वजह से उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।

 

New Delhi news

यहां से शेयर करें