New Delhi news दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिला एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने ड्रग्स कंट्रोल विभाग के सहयोग से जहांगीरपुरी में संचालित एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार सगे भाई-बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के ठिकानों पर रातभर चली कार्रवाई में 1,300 प्रतिबंधित साइकोट्रॉपिक गोलियां, 735 एविल इंजेक्शन, 2,532 सिरिंज, 22.02 लाख रुपये नकद, करीब 35 लाख रुपये के सोने के आभूषण, 6.20 लाख रुपये के चांदी के आभूषण, 11 फ्लैटों के दस्तावेज तथा एक नई टीवीएस एन-टॉर्क स्कूटी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से मिल रही गुप्त सूचनाओं और तकनीकी निगरानी के आधार पर जहांगीरपुरी के डी-ब्लॉक स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पारो, उषा, कांता और अमित नामक चार सगे भाई-बहनों को गिरफ्तार किया गया, जो साइकोट्रॉपिक दवाओं और नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार में शामिल थे।
पुलिस जांच में चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 1,300 एडनॉक-एन (बुप्रेनॉर्फिन व नालोक्सोन) टैबलेट, 735 एविल इंजेक्शन, 2,532 सिरिंज, भारी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद नशीली गोलियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपए है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के विभिन्न इलाकों में संगठित नेटवर्क के जरिए नशीली गोलियों और इंजेक्शनों की सप्लाई करते थे। जांच के दौरान मुख्य आरोपी पारो के नाम पर 11 फ्लैटों के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत प्रति फ्लैट 12 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा अमित के नाम पर खरीदी गई नई टीवीएस एन-टॉर्क स्कूटी को भी अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब इस गिरोह के फरार सहयोगियों, नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन, वित्तीय लेनदेन और अवैध संपत्ति की विस्तृत जांच कर रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

New Delhi news

