ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में बहुमंजिली आवासीय सोसायटियों और सेक्टरों में रहने वाले मतदाताओं को घर के नजदीक मतदान केंद्र उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आरडब्ल्यूए (RWA) और एओए (AOA) पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें नए मतदेय स्थलों के पुनर्गठन और स्थापना को लेकर सुझाव मांगे गए।
1200 मतदाताओं के मानक पर होगा मतदान केंद्रों का पुनर्गठन
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार 1200 मतदाताओं के मानक के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जा रहा है। जहां आवश्यकता होगी, वहां नए मतदान केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि मतदाताओं को अपने घर के नजदीक सुरक्षित और सुविधाजनक मतदान केंद्र मिल सके और मतदान प्रक्रिया अधिक आसान एवं मतदाता-अनुकूल बन सके।
हाईराइज सोसायटियों और सेक्टरों से मांगे गए प्रस्ताव
बैठक में बताया गया कि जिन हाईराइज सोसायटियों, सेक्टरों या अन्य स्थानों पर 300 से 1200 मतदाता निवास करते हैं और जहां मतदान केंद्र संचालन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां नए मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्राप्त होने वाले व्यवहारिक और जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन के भीतर भेजें सुझाव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आरडब्ल्यूए और एओए के अध्यक्षों एवं सचिवों से अपील की कि यदि उनके पास नए मतदान केंद्रों के संबंध में कोई प्रस्ताव या सुझाव है तो उसे दो दिन के भीतर जिला निर्वाचन कार्यालय या ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध तरीके से उनका परीक्षण कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन, 1200 मतदाताओं के मानक और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सदर (न्यायिक) अरुण कुमार, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, ईओ दादरी शालिनी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: नोएडा में महिला डिजिटल अरेस्ट, साइबर ठगों ने ऐसे बनाया निशाना

