लखनऊ में कारोबारी हत्याकांड: वांटेड मॉडल श्रद्धा दुबे दिल्ली में फरार, करीबी हिरासत में

लखनऊ। शहर में 28 वर्षीय कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में वांटेड चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस ने तेजी बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार श्रद्धा की लोकेशन दिल्ली में मिली है, जिसके बाद पुलिस की एक टीम वहां रवाना कर दी गई है। इससे पहले हजरतगंज पुलिस ने रविवार को श्रद्धा के 2-3 करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, हालांकि पुलिस ने अभी उनकी पहचान उजागर नहीं की है। पूछताछ में पुलिस ने शिवा और श्रद्धा के रिश्ते से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की।

कौन है श्रद्धा दुबे

पुलिस जांच में सामने आया कि श्रद्धा दुबे मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है। उसकी शादी हो चुकी थी और उसका एक बेटा भी है, लेकिन 2022 में पति से उसका तलाक हो गया था, जिसके बाद बेटा पिता के साथ रहने लगा। तलाक के बाद श्रद्धा बालू अड्डे के पास स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहने लगी थी। बताया जाता है कि उसके पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी भी थी, जिसे उसने पिछले साल खरीदा था।

9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी मौत

घटना 9 अक्टूबर की है, जब अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार शिवा पिछले चार महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। शव बरामद होने पर उस पर सिर्फ अंडरवियर थी और चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई पाई गई।

5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

शिवा की मां रंजना शर्मा ने बेटे की मौत को हत्या बताते हुए श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत कुल 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। परिवार का यह भी दावा है कि शिवा के शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान मिले थे।

नेताओं और टॉप अधिकारियों से संपर्क का आरोप

शिवा की मां ने यह भी दावा किया कि श्रद्धा और शिवा की मुलाकात एक क्लब में हुई थी। उनके मुताबिक श्रद्धा के नेताओं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और क्रिकेट खिलाड़ियों तक संपर्क हैं, और वह इन्हीं पहचान का हवाला देकर बेटे को ब्लैकमेल और धमकाती थी।

सीसीटीवी फुटेज में मौजूदगी

पुलिस ने अवध ग्रीन अपार्टमेंट और लोहिया अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, जिनमें श्रद्धा अपने ड्राइवर, बहन और कुछ अन्य लोगों के साथ नजर आई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिस वक्त शिवा चौथी मंजिल से गिरा, उस समय श्रद्धा वहां मौजूद थी। घटना के बाद वह फरार क्यों हुई, इसका खुलासा पुलिस गिरफ्तारी के बाद होने की बात कह रही है।

पहले भी दर्ज हो चुका था रंगदारी का मामला

शिवा से जुड़ा एक और विवाद भी सामने आया है। 12 अगस्त 2025 को विभूतिखंड थाना क्षेत्र में शिवा से 1 लाख रुपए की रंगदारी मांगने, गाली-गलौज करने और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ था। शिकायत के मुताबिक 11 अगस्त 2025 की रात करीब 8 बजे किसान बाजार स्थित एक कैफे में हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय अपने 8-10 साथियों के साथ पहुंचा और शिवा से गुंडा टैक्स की मांग की। इनकार करने पर मारपीट की गई और पिस्टल दिखाकर धमकाया गया। इसके अलावा 30 अगस्त को गोमतीनगर के एक क्लब में हुई फायरिंग के मामले में भी शिवा आरोपी था, जिसके बाद वह बिहार भाग गया था। एसटीएफ ने उसे 13 अक्टूबर 2025 को पटना से गिरफ्तार कर जेल भेजा था, उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। पुलिस जांच में यह मामला भी श्रद्धा दुबे और उसके सहयोगियों से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है।

मॉडलिंग की दुनिया में पहचान

श्रद्धा दुबे मॉडलिंग जगत में जाना-पहचाना नाम रही है। उसे ‘बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ’ अवॉर्ड मिल चुका है और वह ‘इंडिया ग्लैमरस रन-वे वीक’ मॉडलिंग शो की आयोजक भी रही है। इसके अलावा दिल्ली में हुए ‘यू एंड आई इंटरनेशनल फेस ऑफ फैशन वीक’ में भी वह शो टॉपर रही थी। बौद्ध शोध संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम में बॉलीवुड मेकअप आर्टिस्ट विकास श्रीवास्तव ने उसे सम्मानित किया था।

श्रद्धा ने अपने करियर की शुरुआत हैदराबाद से की थी। एमए के साथ-साथ उसने पीजीडीसीए की पढ़ाई भी की और इसके बाद फैशन ब्लॉगिंग शुरू की। एक इंटरव्यू में उसने बताया था कि पढ़ाई छोड़कर मॉडलिंग शुरू करने पर उसके परिजन खुश हुए थे। जी म्यूजिक के एलबम ‘तुझमें है बारिश’ में भी श्रद्धा ने बतौर स्टार कास्ट संजीव और भव्या के साथ काम किया था। वहीं कोरोना काल में वह राशन और खाना बांटते हुए भी नजर आई थी। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद ही कई तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ में सड़क हादसा, साइकिल से जा रहे दो छात्रों को डीसीएम ने कुचला, दोनों की मौत

यहां से शेयर करें