नोएडा के अंडरपास में पानी भरने से फंसी कार, शीशा तोड़कर बाहर आए यात्री

नोएडा। सेक्टर-95 स्थित अंडरपास में सोमवार तड़के भारी बारिश के कारण पानी भर जाने से एक कार उसमें फंस गई। गनीमत रही कि इस हादसे में सवार किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।

मंदिर से लौटते वक्त हुआ हादसा

बुलंदशहर के चोला गांव निवासी नीरज अपने परिवार और गांव के कुछ लोगों के साथ रविवार रात गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए गए थे। उनके साथ कृष्ण, सूरज, धर्मवती, सीमा और आरती समेत चार बच्चे भी मौजूद थे। मंदिर में कृष्ण और सीमा के एक वर्षीय बेटे का मुंडन संस्कार संपन्न कराया गया। इसके बाद सभी लोग सोमवार तड़के करीब 4 बजे वापस अपने गांव लौट रहे थे।

CNG भरवाने के दौरान फंसी कार

नीरज के मुताबिक, रास्ते में CNG भरवाने के लिए वे सेक्टर-95 अंडरपास की ओर मुड़े। तेज बारिश के चलते बाहर दृश्यता बहुत कम थी, जिससे उन्हें अंदाजा नहीं लगा कि अंडरपास में पानी कितना भरा है। उन्होंने सोचा कि पानी दो-तीन फीट ही होगा, लेकिन जैसे ही कार बीच में पहुंची, वह अचानक बंद हो गई। इससे गाड़ी में सवार सभी लोग घबरा गए।

ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान

घबराहट के बीच ड्राइवर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी तरफ का शीशा तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। इसके बाद अन्य यात्री भी बाहर आए। मौजूद लोगों ने मिलकर महिलाओं और बच्चों को पहले सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस और फायर टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही फेज-1 थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सों की मदद से फंसी हुई कार को पानी से बाहर निकाला। फिलहाल अंडरपास से जलभराव हटाने का काम जारी है।

यह भी पढ़ें: गौतमबुद्ध नगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, कई डीसीपी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं

यहां से शेयर करें