चारे में आग लगाने का विरोध पड़ा भारी, बुजुर्ग महिला का सर फोड़ भागा आरोपी

ग्रेटर नोएडा। धनोरी कला गांव में एक पड़ोसी युवक ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया। घटना चारे में आग लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद सामने आई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला

धनोरी कला गांव निवासी संतो देवी ने बताया कि उन्होंने अपने पशुओं के लिए चारा इकट्ठा करके रखा था। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उस चारे में आग लगा दी। जब संतो देवी ने इसका विरोध करते हुए युवक से आग लगाने की वजह पूछी, तो वह भड़क गया।

विरोध करने पर सिर पर किया वार

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी युवक ने पहले महिला के साथ बदसलूकी की और फिर गुस्से में ईंट उठाकर उनके सिर पर दे मारी। इस हमले में संतो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था।

पुलिस थाने पहुंचे परिजन, जांच शुरू

घायल अवस्था में परिजन संतो देवी को लेकर दनकौर कोतवाली पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: नोएडा: सोसाइटी में दीवार फांदकर घुसे चोर, दो फ्लैटों से करोड़ के गहने पार

यहां से शेयर करें