नोएडा: सोसाइटी में दीवार फांदकर घुसे चोर, दो फ्लैटों से करोड़ के गहने पार

नोएडा। सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में बदमाशों ने दो बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। वारदात के वक्त दोनों परिवार घर से बाहर गए हुए थे। चोर करीब 5 लाख रुपए नकद और 1.10 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत के गहने ले उड़े।

इंजीनियर के फ्लैट से 80 लाख के गहने गायब

पीड़ित परिवार में शामिल इंजीनियर नितिन जैन 11 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ पानीपत में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम देर रात खत्म होने पर परिवार ने वहीं रुकने का फैसला किया। अगली सुबह पड़ोसी ने फोन कर उन्हें फ्लैट का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर लौटने पर परिवार को करीब 500 ग्राम सोना, सोने के 10 बिस्किट और 50 ग्राम चांदी गायब मिली। नितिन के अनुसार चोरी हुए सोने की कीमत करीब 80 लाख रुपए आंकी गई है।

दूसरे फ्लैट से नकदी और गहने भी चोरी

इसी अपार्टमेंट में रहने वाली धन लक्ष्मी भी अपने परिवार के साथ घूमने गई हुई थीं। उनकी गैरमौजूदगी में बदमाशों ने उनके फ्लैट का ताला तोड़ा और करीब 250 ग्राम सोने के गहनों के अलावा चार लाख रुपए नकद भी चुरा लिए। इन गहनों की कीमत 30 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

दीवार फांदकर घुसे थे बदमाश

सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध मुख्य गेट से नहीं, बल्कि दीवार फांदकर परिसर में दाखिल होते कैद हुए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए और क्या सेक्टर-20 के एक मकान व फेज-2 स्थित एक कंपनी में हुई चोरी की घटनाओं में भी इसी गिरोह का हाथ है। पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातें एक ही गिरोह ने अंजाम दी हैं।

पुलिस का बयान

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों पीड़ित परिवारों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

यहां से शेयर करें