ग्रेटर नोएडा में कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा

Road Accident:

ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के तिलपता गांव के पास मंगलवार रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और पीड़ित परिवार के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और गुस्से में सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इससे इलाके में लंबा जाम लग गया।

कौन था मृतक

मृतक की पहचान शिवराजपुर गांव निवासी कुलदीप प्रजापति (30) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, कुलदीप किसी काम से कहीं जा रहा था, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

ग्रामीणों में आक्रोश, जाम लगाकर प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी और आवागमन ठप कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि तिलपता और शिवराजपुरी गांव के लोग लंबे समय से इस मार्ग पर दौड़ने वाले कंटेनरों से परेशान हैं। उनका आरोप है कि यहां आए दिन जाम और सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।

पुलिस पहुंची, कंटेनर जब्त

सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने घटना में शामिल कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें: 21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी बाहर खड़ी रही

यहां से शेयर करें