Greater Noida murder: जमीन विवाद में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या, ग्रेटर नोएडा में आरोपी रेलवे फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार

Greater Noida murder: ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद में चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान इमरान पुत्र ग्यासुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गुरुवार को दादरी कस्बे में रेलवे फ्लाईओवर के नीचे से दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहना हुआ खून से सना बनियान भी बरामद किया गया है।

मृतक शाहीद (26) और आरोपी इमरान आपस में चचेरे भाई थे। दोनों मूल रूप से बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में दादरी थाना क्षेत्र के रामपुर फतेहपुर गांव में किराए पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, 23-24 अगस्त की दरमियानी रात दोनों अपने कमरे में मौजूद थे, तभी किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई और आरोप है कि इमरान ने कमरे में रखी कुल्हाड़ी से शाहीद पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण शाहीद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

शाहीद के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। गुरुवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने इमरान को दादरी कस्बे स्थित रेलवे फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसने आवेश में आकर शाहीद की हत्या कर दी। घटनास्थल से पुलिस पहले ही कुल्हाड़ी बरामद कर चुकी थी, जबकि आरोपी की निशानदेही पर खून से सना बनियान बरामद किया गया। दादरी थाना प्रभारी नीरज मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें: Traffic violations: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर RWA सख्त, बिना नंबर प्लेट ट्रैक्टर और ब्लैक फिल्म पर जताई चिंता

यहां से शेयर करें