The Arunachal Girl: नई दिल्ली/इटानगर, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इंडिया टुडे को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के दौरान अरुणाचल प्रदेश की उस मासूम बच्ची से वीडियो कॉल पर बातचीत की, जिसका सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह बच्ची कोई और नहीं, बल्कि इटानगर की रहने वाली टिंकल है, जिसने अपने भावुक अंदाज में यह अपील की थी कि उसे “चाइनीज” न कहकर “इंडियन” कहा जाए। इंटरव्यू के दौरान जब रिजिजू से पूछा गया कि क्या वे टिंकल से बात करना चाहेंगे, तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी और वीडियो कॉल पर बच्ची से जुड़ गए। मंत्री ने हिंदी में बातचीत करते हुए टिंकल से उसके माता-पिता के बारे में पूछा। उन्होंने पूछा, “तुम्हारी मम्मी कहां हैं? मुझे अपनी मम्मी की फोटो दिखाओ। पापा कहां हैं?” हालांकि नेटवर्क में दिक्कत के चलते बच्ची शायद ठीक से सवाल समझ नहीं पाई और कोई जवाब नहीं दे सकी। बातचीत खत्म होने से पहले रिजिजू ने टिंकल से कहा कि वह अपनी मां को बता दे कि “किरण अंकल ने फोन किया था।”
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला
टिंकल का यह वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह भावुक होकर कहती नजर आई थी कि लोग उसे और उसके जैसे दिखने वाले लोगों को बार-बार “चाइनीज” कहकर बुलाते हैं, जिससे उसे बहुत गुस्सा और दुख होता है। उसने हाथ जोड़कर अपील की थी कि उसे “चाइनीज” न कहा जाए, बल्कि “इंडियन” कहा जाए, क्योंकि वह भारत की ही रहने वाली है। वीडियो में उसने भारत का राष्ट्रगान “जन गण मन” भी गाकर सुनाया था, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। बाद में मीडिया से बातचीत में टिंकल की मां ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह वीडियो इतना वायरल हो जाएगा। उनके मुताबिक, टिंकल आइसक्रीम खरीदते समय किसी की टिप्पणी से आहत हो गई थी, जिसके बाद उसने यह प्रतिक्रिया दी।
नॉर्थईस्ट के लोगों के साथ रूढ़िवादिता पर फिर उठी बहस
टिंकल के इस वीडियो ने एक बार फिर देश में पूर्वोत्तर भारत के लोगों के प्रति बनी रूढ़िवादी सोच (स्टीरियोटाइप) को लेकर बहस छेड़ दी है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने लिखा कि पूर्वोत्तर भारत के लोग भले ही दिखने, बोलने और संस्कृति में अलग हों, लेकिन वे भारत के उतने ही अधिकारिक और गौरवशाली नागरिक हैं जितना देश के किसी भी अन्य हिस्से का व्यक्ति। कई लोगों ने टिंकल की हिम्मत और आत्मविश्वास की जमकर तारीफ की और लिखा कि अब पूरा देश जान गया है कि वह एक भारतीय है। टिंकल के वीडियो पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, जो खुद अरुणाचल प्रदेश से आते हैं, की प्रतिक्रिया और उनकी बच्ची से हुई यह बातचीत सोशल मीडिया पर एक बार फिर वायरल हो रही है, जिसे लोग “प्यारा और भावुक पल” बता रहे हैं।

