नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट के कुंभकरण और 60 फीट के मेघनाद के विशाल पुतले बनाने का काम पूरा होने को है। लोनी के करीब एक दर्जन अनुभवी कलाकार दिन-रात जुटे हुए हैं। पंडाल और स्टेज निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
इस बार 120 फीट लंबा, 40 फीट चौड़ा और 6 फीट ऊंचा मुख्य स्टेज तैयार किया जा रहा है। इसके ऊपर 18 फीट ऊंची दूसरी मंजिल भी बनाई जा रही है, जिससे दो मंजिला स्टेज का भव्य स्वरूप तैयार हो रहा है। स्टेज के पीछे कलाकारों के लिए 90 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा पंडाल भी बन रहा है। ये व्यवस्थाएं दर्शकों को बेहतर दृश्य और कलाकारों को सुविधाजनक मंचन का अनुभव देने के लिए की जा रही हैं।
डॉ. शर्मा ने बताया कि रामलीला मंचन मुरादाबाद की लीला मंडली श्री जानकी कला मंच के लगभग 60 कलाकारों द्वारा किया जाएगा। फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों सहित कई अनुभवी कलाकार प्रमुख किरदारों में नजर आएंगे। इस बार माता जानकी की विदाई प्रसंग को विशेष विस्तार दिया गया है, जिससे कहानी और अधिक भावपूर्ण बनेगी।
युवाओं को जोड़ने का खास प्रयास
समिति युवाओं, जेन-जी और जेन-अल्फा को रामलीला की ओर आकर्षित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है। 12 अक्टूबर को श्रीराम जन्म के अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक गगन राठौड़ और उनकी टीम द्वारा भजन जैमिंग का कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग ने बताया कि यह कार्यक्रम पारंपरिक रामलीला को आधुनिक स्वाद देने का प्रयास है, ताकि नई पीढ़ी भी रामकथा से जुड़ सके।
सुरक्षा और सुविधाओं का ख्याल
दर्शकों की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की जा रही है। स्थल पर 100 सुरक्षा गार्ड, दो दर्जन सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल एंबुलेंस और अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था की गई है। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले और खेल-तमाशे भी लगाए जा रहे हैं। खान-पान के लिए अनेक स्टॉल लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु और दर्शक आसानी से भोजन और जलपान कर सकें।
कार्यक्रम की रूपरेखा
समिति के अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि रामलीला मंचन 11 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक होगा। 11 अक्टूबर को हवन-पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा। पहले दिन काकजी द्वारा राम कथा, नारद मोह और रावण के अत्याचार जैसे प्रसंग दिखाए जाएंगे। 12 अक्टूबर को श्रीराम जन्म, नामकरण, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध और सुबाहु-मारीच वध का मंचन होगा।
15 अक्टूबर को भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा निकलेगी। यह सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर नोएडा शहर के विभिन्न सेक्टरों से गुजरते हुए सेक्टर-62 रामलीला स्थल पर पहुंचेगी। 20 अक्टूबर को सायं 5 बजे विजयदशमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा और रावण, कुंभकरण तथा मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। 21 अक्टूबर को श्रीराम-भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ ग्यारह दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष का आयोजन भक्ति, संस्कृति और आधुनिक आकर्षण का अनूठा संगम होगा। नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। तैयारियां अंतिम चरण में होने के कारण मैदान में कामकाज का माहौल बना हुआ है और शहरवासी उत्सव की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रियाद में धमाके, उड़ानें रद्द; हूती हमलों से सऊदी-यमन युद्ध बढ़ा, सीरिया से मदद

