Noida Expressway: नोएडा में 50 हजार लोगों को जाम से मिलेगी राहत, सेक्टर-150-152 की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Noida Expressway: नोएडा। सेक्टर-150 और 152 (स्पोर्ट्स सिटी) में रहने वाले करीब 50 हजार लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नोएडा प्राधिकरण इन सेक्टरों की नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए सेक्टर-148 और सेक्टर-153 के बीच आठ के आकार का क्लोवर लीफ बनाया जाएगा।

दोनों तरफ की सर्विस रोड से जुड़ेगा क्लोवर लीफ

यह क्लोवर लीफ नोएडा एक्सप्रेसवे के दोनों ओर बनी सर्विस रोड से जुड़ेगा। इसके तैयार होने के बाद सेक्टर-150 और 152 के निवासियों को एक्सप्रेसवे पार करने के लिए मौजूदा छोटे अंडरपास पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे यमुना एक्सप्रेसवे की ओर आना-जाना भी आसान हो जाएगा।

अभी अंडरपास से गुजरना पड़ता है, लगता है जाम

फिलहाल सेक्टर-150 और 152 की ओर जाने के लिए लोगों को नोएडा एक्सप्रेसवे के नीचे बने अंडरपास से गुजरना पड़ता है। अंडरपास की क्षमता सीमित होने की वजह से पीक आवर में यहां वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। प्राधिकरण का मानना है कि क्लोवर लीफ के निर्माण से यातायात का दबाव अलग-अलग रास्तों में बंट जाएगा, जिससे सेक्टर-150 और 152 समेत आसपास के इलाकों के लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

पहले डिजाइन, फिर डीपीआर होगी तैयार

प्राधिकरण की ओर से फिलहाल क्लोवर लीफ की डिजाइन तैयार कराई जा रही है। डिजाइन तैयार होने के बाद इसे आईआईटी जैसी तकनीकी संस्था से जांच और अनुमोदन कराया जाएगा। इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होगी, जिसके आधार पर टेंडर जारी कर निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।

छह महीने में पूरा होगा निर्माण

प्राधिकरण की योजना के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब छह महीने में क्लोवर लीफ का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। इससे स्पोर्ट्स सिटी में तेजी से बढ़ती आबादी को नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे की सीधी और सुगम कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें: क्राइम न्यूज़ नोएडा: हाइड पार्क सोसाइटी में महिला ने की आत्महत्या, लंबे समय से चल रही थीं डिप्रेस्ड

यहां से शेयर करें