रेलवे कर्मचारियों को दिवाली बोनस की सौगात, PLB को मंजूरी

नई दिल्ली। दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार, 14 अक्टूबर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए रेलवे कर्मचारियों को उत्पादकता से जुड़े बोनस (PLB) की मंजूरी दी गई। यह बोनस 78 दिनों के वेतन के बराबर होगा और इसका लाभ करीब 11.4 लाख रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा।

कुल 2,009.61 करोड़ रुपए का भुगतान

सरकार के अनुसार, इस बोनस पर कुल 2,009.61 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह राशि रेलवे कर्मचारियों के प्रदर्शन को मान्यता देने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए दी जा रही है।

प्रति कर्मचारी अधिकतम 17,951 रुपए

पात्र अराजपत्रित (नॉन-गजेटेड) रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 17,951 रुपए प्रति कर्मचारी तय की गई है। इस बोनस का लाभ ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालयिक कर्मचारियों सहित अन्य ग्रुप-सी कर्मचारियों को मिलेगा।

दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले हर साल मिलता है बोनस

सरकार हर साल दुर्गा पूजा और दशहरा की छुट्टियों से पहले रेलवे कर्मचारियों को यह बोनस देती है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना और रेलवे के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना है।

रेलवे का शानदार प्रदर्शन

सरकार ने बताया कि वर्ष 2025-26 में भारतीय रेलवे ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान रेलवे ने 1,670 मिलियन टन मालभाड़े की ढुलाई की और करीब 7.41 अरब यात्रियों को यात्रा कराई। यह वार्षिक उत्पादकता से जुड़ा बोनस रेलवे के इसी प्रदर्शन में कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देने के लिए दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: मुस्कान और प्रेमी साहिल शुक्ला को मौत की सजा

यहां से शेयर करें