दिल्ली पुलिस ने झपटमार और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले रिसीवर को किया गिरफ्तार

New Delhi news  उत्तरी जिला पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले एक शातिर बदमाश और चोरी के मोबाइल खरीदकर बेचने वाले उसके साथी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 63 चोरी और झपटे गए मोबाइल फोन, एक चोरी की स्कूटी तथा वारदात में इस्तेमाल एक अन्य स्कूटी बरामद की है। बरामद मोबाइलों में से अब तक 17 मोबाइल विभिन्न मामलों और गुमशुदगी रिपोर्टों से लिंक किए जा चुके हैं। इस कार्रवाई से मोबाइल झपटमारी, वाहन चोरी के 13 मामले तथा 5 गुमशुदगी रिपोर्टों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के बाहर कानपुर निवासी एक युवक का आईफोन-17 प्रो स्कूटी सवार बदमाश झपटकर फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी सहावीर उर्फ साबिर उर्फ सलमान उर्फ शिववीर (28) की पहचान की। लगातार छापेमारी के बाद उसे करोल बाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर तीन चोरी के मोबाइल, खजूरी खास क्षेत्र से चोरी की गई एक होंडा एक्टिवा और वारदात में इस्तेमाल यामाहा रे-जेडआर स्कूटी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 12 वर्षों से नशे और शराब की लत पूरी करने के लिए मोबाइल झपटमारी कर रहा था। वह नई स्कूटी खरीदकर नंबर प्लेट जारी होने से पहले उसी से वारदात करता और बाद में उसे बेचकर दूसरी स्कूटी खरीद लेता था। उसने चोरी के मोबाइल नरेश उर्फ हड्डी (42) को बेचने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी स्थित उसके ठिकाने पर छापा मारकर 60 चोरी के मोबाइल बरामद कर लिए।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सहावीर दिल्ली के विभिन्न थानों में चार मामलों का उद्घोषित अपराधी (प्रोक्लेम्ड आॅफेंडर) है। उसके खिलाफ चोरी और झपटमारी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं नरेश के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और चोरी के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस अब शेष मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

New Delhi news

यहां से शेयर करें