New Delhi news रोहिणी जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7,250 क्वार्टर अवैध शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक टेंपो और उसकी निगरानी के लिए चल रही पायलट कार को भी जब्त कर लिया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि टेंपो चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 28-29 जुलाई 2026 की दरमियानी रात स्पेशल स्टाफ को प्रेम नगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर इंदर एन्क्लेव, किराड़ी सुलेमान नगर के पास जाल बिछाया गया। यहां पुलिस ने शराब से भरे टेंपो के आगे चल रही पायलट कार को रोक लिया।
कार चालक की पहचान कुलदीप उर्फ दीपु (39) निवासी प्रेम नगर-2, किराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई। वहीं, टेंपो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने टेंपो की तलाशी लेने पर 145 कार्टन में रखे 7,250 क्वार्टर अवैध शराब बरामद किए। इसके बाद प्रेम नगर थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 33, 38 और 58 के तहत एफआईआर संख्या 370/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कुलदीप उर्फ दीपु के खिलाफ पहले से आबकारी अधिनियम के 11 मामले दर्ज हैं। बरामद अवैध शराब, पायलट कार और परिवहन में इस्तेमाल टेंपो को जब्त कर लिया गया है। फरार टेंपो चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
New Delhi news

