Brahmakumaris Noida: राजयोग ध्यान और मन की शांति पर विशेष कार्यक्रम

Brahmakumaris Noida: नोएडा, भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते मानसिक तनाव के बीच लोगों को स्वयं से जुड़ने और भीतरी शांति की ओर लौटने का संदेश देने के लिए रविवार को ब्रह्माकुमारीज, सेक्टर-51, नोएडा की ओर से एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेक्टर-46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी के क्लब हाउस में हुए इस आयोजन का विषय था “Pure Love and Inner Power”, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।

मुख्य अतिथि ने रखे विचार

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सरकारी अस्पताल, नोएडा के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. आलोक वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में जीवन में सही मूल्यों को अपनाने की जरूरत पर बल दिया और कहा कि व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए मूल्य-आधारित जीवनशैली जरूरी है।

‘सोच ही तय करती है मानसिक स्थिति’

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता, मानेसर केंद्र की बीके फाल्गुनी ने कहा कि आज इंसान ने भौतिक दुनिया में तमाम उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन इस दौड़ में वह खुद से दूर होता जा रहा है। उन्होंने समझाया कि इंसान की मानसिक स्थिति उसके विचारों से ही बनती है — अगर मन लगातार चिंता, गुस्से, तनाव और नकारात्मकता से घिरा रहे, तो व्यक्ति की आंतरिक शक्ति धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगती है। बीके फाल्गुनी ने भावनात्मक आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि अपनी खुशी और शांति के लिए दूसरों के व्यवहार पर निर्भर रहना ठीक नहीं। उनका कहना था कि व्यक्ति की अपनी सोच ही उसकी मनोदशा तय करती है, न कि सामने वाले का बर्ताव।

सच्चा प्रेम और आत्म-स्वीकृति

उन्होंने आगे कहा कि सच्चा प्रेम किसी व्यक्ति को अपनी मर्जी के मुताबिक बदलने की कोशिश नहीं करता, बल्कि उसे जैसा है वैसा स्वीकार करता है। आत्म-प्रेम को स्वार्थ से जोड़कर न देखने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति खुद को भीतर से मजबूत और स्वस्थ बनाता है, तभी वह दूसरों के प्रति भी निस्वार्थ भाव से प्रेम और शुभकामनाएं बांट सकता है।

संगीत, ध्यान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुचित्रा ने भावपूर्ण गीतों की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को और भी संजीदा बना दिया। इसके बाद बीके लीना ने उपस्थित लोगों को निर्देशित राजयोग ध्यान कराया। शांत स्वर में हुई इस कमेंट्री के दौरान मौजूद लोगों ने गहरी मानसिक शांति और सुकून का अनुभव किया। इसके साथ ही बच्चों की नृत्य प्रस्तुति और युवतियों की प्रेरणादायक स्किट ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

रक्षाबंधन की झलक भी दिखी

कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने उपस्थित लोगों को राखी बांधी और सात्विक भोजन व प्रसाद वितरित किया। आयोजकों ने सभी से नियमित रूप से राजयोग ध्यान अपनाकर शांत, सकारात्मक और मूल्यनिष्ठ जीवन जीने की अपील की।

यह भी पढ़ें: Substandard road: नोएडा सेक्टर 71-76 सड़क निर्माण में लापरवाही, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट का नोटिस, अधिकारियों से जवाब तलब

यहां से शेयर करें