Beijing World Humanoid Games: बीजिंग, चीन के ह्यूमनॉइड रोबोटों ने साबित कर दिया है कि वे दुनिया के सबसे तेज इंसानों से भी तेज दौड़ सकते हैं। शनिवार को बीजिंग में शुरू हुए पांच दिवसीय दूसरे विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स के उद्घाटन दिन दो रोबोटों ने 100 मीटर दौड़ में यूसेन बोल्ट के विश्व रिकॉर्ड 9.58 सेकंड को पीछे छोड़ दिया। एक अन्य रोबोट ने 400 मीटर 39.7 सेकंड में पूरा किया, जो साउथ अफ्रीका के वेड वैन नीकरक के 43.03 सेकंड के रिकॉर्ड से बेहतर है।
पिछले साल 2025 में विजेता रोबोट का समय 20 सेकंड से अधिक था। इस बार प्रगति उल्लेखनीय है, लेकिन ब्रेकिंग में समस्या बनी रही। फिनिश लाइन के बाद कई मीटर दूर रखी मोटी मैट से रोबोट टकरा गए। ये गेम्स सिर्फ खेलों का प्रदर्शन नहीं हैं। इनमें 51 इवेंट शामिल हैं—30 खेल प्रतियोगिताएं और 21 वास्तविक परिदृश्य आधारित चुनौतियां। हuawei के अनुसार, 40 प्रतिशत से अधिक इवेंट में रोबोटों को पूरी तरह स्वायत्त रूप से काम करना होगा। इवेंट में फैक्ट्री, रेस्तरां, ऑफिस, इमरजेंसी स्थिति, ईवी चार्जिंग, इंडस्ट्रियल असेंबली, मटेरियल लोडिंग और हाथों की निपुणता वाली प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
सबसे महत्वपूर्ण परीक्षणों में एक है केबल कनेक्शन चैलेंज। इसमें रोबोट को यूएसबी प्लग को सही ओरिएंटेशन में पहचानकर पोर्ट में सटीक दबाव के साथ लगाना होता है। यह दृष्टि, मैकेनिकल अलाइनमेंट और फोर्स कंट्रोल की परीक्षा है। प्रारंभिक राउंड में 24 टीमों में से 14 फाइनल में पहुंचीं। जज वांग शिलॉन्ग के अनुसार, दोनों हाथों का इस्तेमाल करने वाले रोबोट ज्यादा कुशल साबित हुए।
ल्यूमोस रोबोटिक्स के सीईओ यू चाओ ने कहा, “सिर्फ दौड़ना और कूदना दक्षता नहीं बढ़ाता। असली मूल्य तब आता है जब रोबोट एंड-सीनारियो में काम कर सके।” जेरॉथ की चीफ मार्केटिंग ऑफिसर हुआ रॉन्ग ने भी जोर दिया कि बिक्री के बाद उपयोगकर्ताओं की समस्याएं हल करना असली परीक्षा होगी। गेम्स में गैलबॉट जैसी कंपनियां स्वायत्त टेनिस मैच भी आयोजित कर रही हैं, जिसमें रोबोट सिंगल्स और डबल्स खेलेंगे। बूस्टर रोबोटिक्स के रोबोटों ने उद्घाटन समारोह में फॉर्मेशन में मार्च किया। कुल 16 देशों की 666 टीमें और 2,056 से अधिक रोबोट हिस्सा ले रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि गति में प्रगति चीन के औद्योगिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन बैटरी मैनेजमेंट, थर्मल डिसीपेशन और छोटी-छोटी खामियों गलत कोण पर केबल, पहुंच से बाहर वस्तु या शिफ्टिंग पैकेज से निपटने की क्षमता ही तय करेगी कि ये रोबोट वास्तविक दुनिया में कितने उपयोगी हैं। खेलों में रस्साकशी, वेटलिफ्टिंग, ताई ची और पारंपरिक पिच-पॉट जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं, जो चीनी संस्कृति को भविष्य की तकनीक से जोड़ती हैं। गेम्स 26 अगस्त तक नेशनल स्पीड स्केटिंग ओवल में चलेंगे।
यह भी पढ़ें: Brahmakumaris Noida: राजयोग ध्यान और मन की शांति पर विशेष कार्यक्रम

